यारों ने मेरे वास्ते क्या कुछ नहीं किया! स्कूल पिकनक पर जाने के लिए छात्र के पास नहीं थे पैसे, दोस्तों ने मिलकर जमा की फीस
- Authored by: Pankaj Yadav
- Updated Feb 13, 2026, 03:36 PM IST
सच्ची दोस्ती की मिसाल पेश करता एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक बच्चे को पिकनिक पर ले जाने के लिए उसके दोस्तों ने अपने पॉकेट मनी से कुछ पैसे इकट्ठे किए और उसे दे दिए।
स्कूली छात्रों का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@humanityy_core)
सच्चे दोस्त हर किसी के नसीब में नहीं होते। दोस्ती ही एक ऐसा रिश्ता है, जिसके भरोसे दुनिया की अधिकतर मुश्किलें खत्म हो जाती हैं। हाल में दोस्ती की मिसाल पेश करता एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें एक गरीब छात्र के पास पैसे ना होने की वजह से उसका पिकनिक प्लान कैंसिल हो रहा था। ऐसे में उस छात्र के दोस्तों ने अपनी जेब से कुछ पैसे इकट्ठे किए और उस छात्र के पिकनिक के लिए पैसे जुटा लिए। ताकि उनका दोस्त भी उनके साथ पिकनिक पर जा सके और उनके साथ मस्ती कर सके।
दोस्त को पिकनिक पर ले जाने के लिए बच्चों ने जमा किए पैसे
वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ बच्चे क्लास में पिकनिक के पैसे जोड़ रहे है। टीचर उन बच्चों से पूछती हैं कि तुमलोग क्या कर रहे हो। जिस पर एक बच्चा टीचर को 1 मिनट रूकने के लिए कहता है। फिर वे बच्चे उन पैसों को ले जाकर टीचर के पास रख देते हैं। टीचर उनसे पूछती है कि ये पैसे किसके लिए हैं? बच्चे जवाब देते है कि ये पैसे उनके दोस्त प्रिंस के लिए हैं।
दोस्तों की दरियादिली देख रो पड़ा छात्र
इसके बाद टीचर उन बच्चों को बोलती हैं कि तुमलोग पैसे इकट्ठा मत करो। प्रिंस के लिए पैसे मैं जमा कर दूंगी लेकिन बच्चे उन्हें मना कर देते हैं। जब टीचर कारण पूछती हैं तो बच्चे बोलते हैं कि अपने दोस्त के लिए पैसे वे खुद ही दे देंगे। खुद के लिए दोस्तों की इस मेहरबानी को देख छात्र रोने लगता है। जिसके बाद वहां मौजूद उनमें से ही एक बच्चा बोलता है कि मैम प्रिंस रो रहा है, फिर कैमरे का फोकस उस बच्चे पर जाता है और अगले ही पल दिखता है कि छात्र सच में रो रहा होता है। दोस्त को रोता देख सभी बच्चे उसे गले लगा लेते हैं और उसके आंसू पोछते हैं। फिर टीचर उन पैसों को उठाकर उस छात्र को देती हैं और कहती हैं कि ये लो तुम्हारे पिकनिक के पैसे।
वीडियो को मिले करोड़ों व्यूज
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @humanityy_core नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक करीब 7 करोड़ लोगों ने देखा और 35 लाख लोगों ने लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में इस पूरे वाकये के बारे में बताया गया है। जहां बताया गया है कि यह वायरल वीडियो नेपाल के "स्मॉल हेवन स्कूल" का है। जहां प्रिंस नाम का एक छात्र स्कूल के पिकनिक में शामिल होना चाहता था, लेकिन वह फीस नहीं दे सकता था। ऐसे में उसके दोस्तों ने उसकी मदद करने का फैसला किया।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
जिसके बाद उन्होंने अपनी पॉकेट मनी जमा की, जो उन्होंने थोड़ी-थोड़ी बचाई थी, ताकि प्रिंस उनके साथ पिकनिक पर जा सके। जब उन्होंने उसे बताया, तो वह इमोशनल हो गया। उसे इस बात का एहसास हुआ कि वह अकेला नहीं है। इस पल के वीडियो को रिकॉर्ड कर टीचर ने शेयर किया जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल (Viral News in Hindi) ट्रेंडिंग और अजब-गजब (Ajab Gajab News) की लेटेस्ट न्यूज और हिन्दी में पढ़ें और Times Now Navbharat Live TV पर देखें। देश-दुनिया की हर ट्रेंडिंग वीडियो (Viral Video) वायरल, शॉकिंग और अनोखी खबरें पढ़ने के लिए जुड़ें रहें Times Now Navbharat के साथ।
