हाल ही में सोशल मीडिया पर दिल छू लेने वाला और पॉजिटिविटी से भरा एक वीडियो इन दिनों बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कैफे के दरवाजे में ऐसा सेंसर लगाया गया है जो लोगों के मुस्कुराने पर ही खुलता है। यानी कि जब भी कोई व्यक्ति इस कैफे में जाना चाहे तो उसे एक प्यारी सी स्माइल के बाद ही एन्ट्री मिलेगी। अगर आपने दरवाजे के सामने स्माइल नहीं किया तो दरवाजा बंद ही रहेगा और वह तब तक नहीं खुलेगा, जब तक आप स्माइल ना कर दें।
हंसने के बाद ही खुलता है इस कैफे का दरवाजा (X/@sciencegirl)
कहां है यह कैफे?
इस अनोखे कैफे का वीडियो सोशल साइट एक्स पर @sciencegirl नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में कैफे के इस नए इनोवेशन के बारे में बताया गया है। बता दें कि यह यह अनोखा सिस्टम फ्रांस के पेरिस में स्थित गुड न्यूज कॉफी शॉप ने बनाया है। यह एक ऑस्ट्रेलियन-ओन्ड स्पेशलिटी कैफे है जहां स्पेशलिटी कॉफी और अच्छे माहौल के लिए लोग आते हैं। दरवाजे पर लगा AI-बेस्ड स्माइल डिटेक्शन सेंसर चेहरे को स्कैन करता है। अगर जेनुइन स्माइल डिटेक्ट होती है तो दरवाजा तुरंत खुल जाता है, नहीं तो ये बंद ही रहता है।
क्या है ब्लू मंडे कैंपेन?
वीडियो में दिख रहा है कि कैफे के बाहर गेट पर एक पोस्टर लगा है, जिस पर लिखा है, “Smile to get a Free Coffee. Beating Blue Monday” (मुस्कुराओ और फ्री कॉफी पाओ। ब्लू मंडे को हराओ)। ब्लू मंडे यानी जनवरी का वो तीसरा सोमवार जब ज्यादातर लोग उदास और स्ट्रेस में महसूस करते हैं। इस कैंपेन का मकसद लोगों को यह याद दिलाना है कि एक साधारण सी मुस्कान कितना बड़ा फर्क ला सकती है। मुस्कान न सिर्फ मूड बूस्ट करती है बल्कि स्ट्रेस को भी कम करती है और पूरे दिन को खुशनुमा बना देती है।
ग्राहकों के मुस्कुराने पर ही खुलता है दरवाजा
इस वायरल वीडियो में कई कस्टमर्स दिखाए गए हैं। जो दरवाजे के पास जाते हैं, मगर दरवाजा नहीं खुलता तो वे कन्फ्यूज हो जाते हैं, फिर उनकी नजर उस पोस्टर पर जाती है। जिसे पढ़ने के बाद लोग मुस्कुराना शुरू करत हैं और उनके मुस्कुराने से ही दरवाजा खुल जाता है। दरवाजा खुलते ही उनके चेहरे पर अचानक खुशी छा जाती है और वे अंदर खुशी-खुशी एंट्री करते हैं।
लोगों को पसंद आया कॉफी शॉप का यह इनोवेटिव आइडिया
यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसे अब तक 24 मिलियन से ज्यादा लोगों ने देखा और लाखों लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग कैफे के इस पॉजिटिव आइडिया को खूब पसंद कर रहे हैं। वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट्स किए हैं। जहां एक यूजर ने कमेंट कर लिखा, “यह कितना कूल है!” दूसरे ने लिखा, “पूरी दुनिया में ऐसा होना चाहिए।” तीसरे ने लिखा, “स्माइल हर किसी का दिन बना देती है।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
