रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्यार और रिश्ते को खास बनाने वाला दिन है। इस दिन लोग एक-दूसरे को राखी बांधकर इस रिश्ते को और मजबूत करते हैं लेकिन इस बार एक फ्लाइट में रक्षाबंधन का ऐसा प्यारा पल देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया।
केबिन क्रू ने यात्री को बांधी राखी
दरअसल, सोशल मीडिया (Social Media) पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक केबिन क्रू सदस्य फ्लाइट में बैठे एक यात्री की कलाई पर राखी बांधती नजर आ रही हैं। इस खास पल को यात्री सुधांशु कौशिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @sudhanshukaushik से शेयर किया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
30 हजार फीट ऊपर हवा में मनाया रक्षाबंधन
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि फ्लाइट के अंदर एक क्रू मेंबर यात्री के पास आती हैं और उसकी कलाई पर राखी बांधती हैं। वहीं, एक दूसरी क्रू मेंबर इस पूरे पल को अपने फोन में रिकॉर्ड करती नजर आती हैं। यात्री भी इस दौरान मुस्कुराते हुए इस प्यारे से पल का हिस्सा बनता दिखाई देता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह वीडियो
इस वीडियो (Video) को मजेदार बनाने वाली एक और बात है इसका कैप्शन। वीडियो पर मजाकिया अंदाज में लिखा गया है कि फ्लाइट में मौजूद सभी फ्लाइट अटेंडेंट ने उसे अपना दोस्त समझकर ‘ब्रो-जोन’ कर दिया। इस मजाक ने वीडियो को और भी दिलचस्प बना दिया। वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने इस पल को बेहद प्यारा बताया। कुछ यूजर्स ने मजाक करते हुए कहा कि किसी को ब्रो-जोन करने का इससे प्यारा तरीका शायद ही कोई हो सकता है।
वीडियो पर लोगों ने किया मजेदार कमेंट्स
कुछ लोगों का ध्यान वीडियो के बैकग्राउंड में बैठे यात्रियों पर भी गया। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि दाईं तरफ सफेद टी-शर्ट पहना व्यक्ति गहरी नींद में सो रहा है। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि पीछे वाला शायद सोने को ही समझदारी मान रहा है। इस तरह राखी के प्यारे पल के साथ वीडियो में नजर आ रहे दूसरे यात्री भी चर्चा का हिस्सा बन गए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
