OMG: आमतौर पर जब किसी का 10 साल पुराना रिश्ता टूटता है, तो इंसान महीनों तक उदासी के दौर से गुजरता है या खुद को संभालने के लिए शहर बदल लेता है। लेकिन, अमेरिका के टेनेसी राज्य के नैशविल की रहने वाली 33 वर्षीय गेला थॉम्पसन ने तलाक के बाद जिंदगी को जीने का एक ऐसा रास्ता चुना, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। गेला ने अपने 10 साल के वैवाहिक जीवन के खत्म होने का शोक मनाने के बजाय, तलाक के कागजों पर स्याही सूखते ही एक नन्हे पालतू सुअर को गोद लेकर अपने बरसों पुराने सपने को हकीकत में बदल दिया। आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?
शादी तोड़कर सुअर को महिला ने लिया गोद (तस्वीर साभार- AI)
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, गेला को बचपन से ही जानवरों से बेहद लगाव रहा है। वह अक्सर घायल पक्षियों और छोटे जीवों को बचाकर उनकी देखभाल किया करती थीं। गेला अपनी तुलना मशहूर बच्चों की फिल्म 'शार्लेट्स वेब' की उस छोटी बच्ची से करती हैं, जो जानवरों से बातें करती है और उनकी देखभाल करती है। उनकी हमेशा से यह इच्छा थी कि उनके घर में एक पालतू सुअर हो। हालांकि, उनकी 10 साल की शादी के दौरान उनके पूर्व पति इसके सख्त खिलाफ थे और उन्होंने कभी इसकी इजाजत नहीं दी। रिश्ता खत्म होने के बाद गेला ने तय किया कि अब वह सबसे पहले अपनी खुशियों को प्राथमिकता देंगी। मजाकिया अंदाज में अपनी नई शुरुआत का जिक्र करते हुए गेला कहती हैं कि उन्होंने अपनी जिंदगी में एक बदलाव किया है और अब वह बेहद खुश हैं। पिछले साल नवंबर में जब गेला इस नन्हे सुअर को घर लाई थीं, तब वह महज 8 हफ्ते का था और उसका वजन सिर्फ 9 पाउंड (करीब 4 किलो) था। गेला ने बड़े प्यार से उसका नाम 'डेजी' रखा। सही देखभाल और पौष्टिक आहार मिलने के कारण महज चार महीने के भीतर डेजी का वजन बढ़कर 50 पाउंड (करीब 22.6 किलो) हो गया है। डेजी किसी आम जानवर की तरह नहीं, बल्कि घर के एक लाडले सदस्य की तरह रहती है। घर के अंदर उसके सोने के लिए अलग बिस्तर, खेलने के लिए खास खिलौने और साफ-सफाई के लिए एक निर्धारित 'लिटर बॉक्स'रखा गया है।
लोगों के बीच लोकप्रिया है डेजी
डेजी की लोकप्रियता केवल गेला के घर तक सीमित नहीं है, बल्कि वह पूरे इलाके में एक सेलिब्रिटी बन चुकी है। गेला जब भी बाहर निकलती हैं, तो डेजी को पट्टे में बांधकर अपने साथ ले जाती हैं। स्थानीय पेट स्टोर के कर्मचारी डेजी को नाम से पहचानते हैं और स्टोर के हर गलियारे में उसका स्वागत करते हैं। गेला अक्सर डेजी को लेकर मशहूर फास्ट फूड चेन 'सोनिक' जाती हैं। वहां के कर्मचारी डेजी के लिए खास तौर पर 'पप कप' तैयार रखते हैं, जिसे डेजी बड़े चाव से खाती है। आमतौर पर लोगों के मन में यह धारणा होती है कि सुअर गंदगी में रहना पसंद करते हैं, लेकिन गेला इस बात को सिरे से खारिज करती हैं। इससे पहले इंग्लिश मास्टिफ और ग्रेट डेन जैसी बड़ी नस्ल के कुत्ते पाल चुकीं गेला का अनुभव है कि सुअर बेहद बुद्धिमान और साफ-सुथरे जानवर होते हैं। डेजी को बखूबी पता है कि उसे केवल अपने लिटर बॉक्स का ही इस्तेमाल करना है। हालांकि, डेजी की शरारतों ने गेला को घर में कुछ बदलाव करने पर जरूर मजबूर कर दिया।
