Viral Video: मियामी बीच में एक शानदार लेम्बोर्गिनी टेक्नोमर नाव के डूबने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां पर लगभग 30 इन्फ्लुएंसर का एक ग्रुप पांच लोगों की क्षमता वाली नाव पर सवार था। उनकी यात्रा ने अचानक एक मोड़ ले लिया और हादसे में तब्दील हो गई, क्योंकि $4 मिलियन (लगभग 34 करोड़ रुपये) की नाव ओवरलोडिंग के कारण डूबने लगी। समुद्र में एक बेहतरीन फोटो और शैंपेन से भरे दिन की उम्मीद कर रहे इन्फ्लुंएसर लोगों को नाव के एक तरफ से पानी में झुकने के तुरंत बाद लाइफ जैकेट पहननी पड़ी। जैसे ही घटना की सूचना मिली, तटरक्षक बल और एक निजी नाव बचाव के लिए आई और सभी को डूबती हुई नाव से बाहर निकालने में मदद की। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार , यह घटना फ्लोरिडा में स्टार आइलैंड के पास शाम करीब 5 बजे हुई। जैसे ही नाव झुकी और लगभग सीधी हो गई, यात्री और चालक दल के सदस्य डेक पर भागे। तटरक्षक बल ने कहा कि डूबती हुई नाव से 32 लोगों को बचा लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। प्रत्यक्षदर्शी रेचेल मिलर ने 7 न्यूज को बताया , 'हमने पुलिस की कई नावें देखीं, जैसे कि पुलिस की नावें होती हैं, और एक और नाव थी जो पानी में पूरी तरह से सीधी खड़ी होकर पलटी हुई थी।'
गौरतलब है कि, पूर्व मिस अमेरिका प्रतियोगी रेगन हार्टले को बचाव नाव पर लगभग 30,000 रुपये की महंगी टकीला की बोतल पकड़े देखा गया। एक अन्य वीडियो में, बचाव अभियान के दौरान एक महिला को अपना मैकबुक कसकर पकड़े हुए देखा गया, जब किसी ने हंसते हुए मजाक किया। बता दें कि, स्थिति भयावह थी लेकिन इन्फ्लुएंसर का ग्रुप पार्टी के मूड में था। घटना के वीडियो वायरल हो गए हैं, जिसमें समूह बचाव नाव पर हंसते और नाचते हुए अपनी शानदार नाव को पानी में डूबते हुए देख रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नावके मालिक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
