Viral Video: भारतीय रेलवे को ऐसे ही 'अजूबों की खान' नहीं कहा जाता। यहां हर सफर के साथ एक नया किस्सा जुड़ जाता है। ताजा मामला मुंबई से छत्तीसगढ़ जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के 3rd AC कोच से सामने आया है। आमतौर पर एसी कोच में लोग आराम करने, किताब पढ़ने या मोबाइल पर फिल्में देखने के लिए जाने जाते हैं। लेकिन, इस कोच में एक 'चाचा' ने जो किया, उसने सह-यात्रियों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स के भी होश उड़ा दिए हैं। दरअसल, शख्स ट्रेन के अंदर पान लगाकर बेचने लगा, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
ट्रेन में पान की दुकान...(तस्वीर साभार- @indiain24hr)
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स बर्थ पर आराम से पालथी मारकर बैठे हुए हैं। उनके सामने चादर या कंबल नहीं, सजाकर रखे गए पान के दर्जनों हरे पत्ते फैले हुए हैं। पास ही डिब्बे में चूना, कत्था, सौंफ, सुपारी और पान का अन्य सामान रखा हुआ है। चाचा पूरे ध्यान और महारत के साथ एक-एक करके पान पर कत्था-चूना लगा रहे हैं और पान फोल्ड कर रहे हैं। वीडियो बना रहे शख्स ने बैकग्राउंड में पूरी कहानी बयां की है। उसने हंसते हुए बताया कि दोस्तों, अभी हम मुंबई से छत्तीसगढ़ जा रहे थे, तभी देखा कि ट्रेन के 3AC कोच में एक काका पान बना रहे हैं। इनके पास लगभग 20 से 25 पान का ऑर्डर आया हुआ है और ये बड़े प्रेम से यहीं बैठकर पान बेच रहे हैं। भाई, इंडियन रेलवे में डब्बे के अंदर प्यार से हर चीज मिल जाएगी। वीडियो में कोच के अन्य यात्री भी चाचा के इस हुनर और अंदाज को देखकर मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। देखें वीडियो...
चाचा ने मचाया धमाल
वीडियो देखकर एक पल के लिए आप भी जरूर चौंक गए होंगे। सोच रहे होंगे कि चाचा ने तो सच में माहौल बना दिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर वीडियो को indiain24hr नाम के पेज से शेयर किया गया है। इतना ही नहीं इस वीडियो पर यूजर्स मजे लेते हुए कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि 3AC का किराया भी वसूल हो गया और बिजनेस भी चल पड़ा, चाचा तो हैवी ड्राइवर निकले। एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि बनारसी बाबू जब भी ट्रेन में चढ़ेंगे, तो ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
