दुनिया में आज भी कई ऐसे जानवर हैं, जिनके बारे में इंसानों को पूरी जानकारी नहीं है। कई बार किसी जानवर को देखकर लगता है कि वह आम प्रजाति का है, लेकिन बाद में उसकी पहचान कुछ ऐसी निकलती है कि वैज्ञानिक भी हैरान रह जाते हैं। ऐसा ही कुछ बोलीविया के जंगलों में मिला एक छोटा सा जंगली बिल्ली का बच्चा देखने के बाद हुआ। शुरुआत में इसे आम जंगली बिल्ली समझा गया, लेकिन कई साल की रिसर्च के बाद वैज्ञानिकों ने इसे एक नई प्रजाति बताया है। इसका नाम लियोपार्डस टिल्कायो (Leopardus tilcayo) रखा गया है। बिल्ली के इस नए प्रजाति की कुछ तस्वीरों को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है।
वैज्ञानिकों ने बिल्ली के इस नए प्रजाति की खोज की (Instagram/@GuinnessWorldRecords)
बिल्ली के अनाथ बच्चे से हुआ खुलासा
तस्वीरों (Photos) को शेयर करते हुए गिनीज ने इस बिल्ली के नए प्रजाति की कुछ जानकारियां भी शेयर की हैं। जिसमें बताया गया है कि इस खोज की कहानी की शुरुआत साल 2017 में शुरू हुई। जहां बोलीविया के युंगास इलाके में एक व्यक्ति को जंगल के पास बिल्ली का एक छोटा बच्चा मिला। वह उसे अपने साथ घर ले आया और करीब एक साल तक उसकी देखभाल करता रहा। शुरुआत में उसे लगा कि यह कोई सामान्य पालतू बिल्ली है लेकिन जैसे-जैसे बिल्ली बड़ी होने लगी, उसके रूप और शरीर की बनावट को देखकर व्यक्ति को शक होने लगा। उसे समझ नहीं आया कि यह किस तरह की बिल्ली है। आखिरकार, वह इस जानवर को बोलीविया के सेंडा वर्दे वन्यजीव केंद्र ले गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
वैज्ञानिकों को भी पहले नहीं हुई पहचान
इस अनोखी बिल्ली के बारे में पता चलने पर जीव वैज्ञानिक डॉ. पाओला नोगालेस-अस्कारुंज ने इसकी जांच शुरू की। वह बोलीविया में जंगली बिल्लियों पर रिसर्च करती हैं। पहली नजर में उन्हें लगा कि यह टाइगर कैट नाम की जंगली बिल्ली की प्रजाति हो सकती है। इसके गोल चेहरे, छोटे कान, लंबी मूंछों और शरीर पर बने धब्बों से ऐसा लग रहा था कि यह जंगली बिल्ली के परिवार से जुड़ी है लेकिन कुछ साल बाद जब उन्होंने इस बिल्ली की पुरानी तस्वीरों को दोबारा देखा, तो उन्हें कुछ अलग नजर आया। इसके शरीर पर बने निशान पहले से पहचानी गई टाइगर कैट से मेल नहीं खाते थे। यहीं से इस अनोखे जानवर की गहराई से जांच शुरू हुई।
सात साल की रिसर्च के बाद खुला राज
वैज्ञानिकों ने इस बिल्ली की पहचान समझने के लिए कई तरह की जांच की। इसमें आनुवंशिक यानी DNA से जुड़ी जांच भी शामिल थी। रिसर्च से मिले आंकड़ों ने वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद की कि यह पहले से पहचानी गई बिल्ली की कोई सामान्य किस्म नहीं, बल्कि एक अलग प्रजाति है। 5 अक्टूबर को करंट बायोलॉजी (Current Biology) नाम की वैज्ञानिक पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, इस नई प्रजाति को लियोपार्डस टिल्कायो (Leopardus tilcayo) नाम दिया गया है। रिसर्चर्स के अनुसार, इस बिल्ली परिवार की किसी नई प्रजाति का वर्णन 100 साल से अधिक समय बाद सामने आया है।
