Mathura Viral Video: आप सबको उत्तर प्रदेश के बागपत की वो घटना तो याद होगी ही, जब ग्राहक को बुलाने के लिए चाट बेचने वाले दो दुकानदार आपस में भिड़ गए थे। दुकानदारों ने बीच सड़क जमकर बवाल काटा था। यह घटना साल 2021 में घटी थी। वहीं, एक बार फिर इस तरह की घटना उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित बरसाना में घटी है, जिसका वीडियो वायरल हो गया। यहां लस्सी दुकानदार ग्राहक को बुलाने के लिए आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर जमकर कुल्हड़ बरसाए।
लस्सी दुकानदारों के बीच कुल्हड़ मार लड़ाई
जानकारी के मुताबिक, मथुरा के बरसाना स्थित सुदामा चौक पर ग्राहकों को बुलाने के लिए दो दुकानदार आपस में भिड़ गए। देखते ही लाडली मंदिर जाने वाली सड़क अखाड़ा में बदल गया। दोनों दुकानदार एक-दूसरे पर कुल्हड़ से हमला करने लगे। दोनों के बीच इतने कुल्हड़ चले कि कोई उसकी गिनती तक नहीं कर सकता। कुछ समय तक वहां का नजारा ऐसा था जैसे कि कोई युद्ध चल रहा हो। जैसा कि आप में वीडियो देख सकते हैं किस तरह दो दुकानदारों के बीच कुल्हड़ मार लड़ाई चल रही है। इस लड़ाई में दोनों तरफ से कई लोग शामिल थे। देखें वीडियो...
कुल्हड़ मार लड़ाई का वीडियो वायरल
कुल्हड़ मार लड़ाई का यह वीडियो वायरल हो गया। जिसने भी इस नजारे को देखा वो एक पल के लिए दंग रह गया। वहीं, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि यह घटना बरसाना के सुदामा चौक की है। ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश में दो लस्सी दुकानदारों के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े में कुल्हड़ का इस्तेमाल किया गया। इस घटना में एक महिला घायल हुई है और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। फिलहाल, मामले की छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
