मौका अगर किस्मत आजमाने का हो, तो लोग अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ते लेकिन इंदौर के एक दुकानदार ने अपनी किस्मत को लेकर ऐसा ऐलान कर दिया है, जिसका वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रह है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकानदार की दुकान पर एक पोस्टर लगा है, जिसमें दुकानदार ने वादा किया है कि अगर उसे Jio Platforms के IPO में शेयर मिल गए, तो वह बाजार में आने वाले सभी लोगों को मुफ्त कुल्फी खिलाएगा। अब उसका यह पोस्टर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
दुकानदार ने किया मुफ्त कुल्फी बांटने का वादा (X/@IndianTechGuide)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
Jio Platforms IPO में शेयर मिलने की उम्मीद
दरअसल, इंदौर के इस दुकानदार ने Jio Platforms के IPO के लिए आवेदन किया है। IPO में आवेदन करने वाले हर व्यक्ति को शेयर मिलें, यह जरूरी नहीं होता। कई बार मांग ज्यादा होने पर शेयरों का आवंटन लॉटरी जैसी प्रक्रिया के जरिए किया जाता है। ऐसे में निवेशकों को शेयर मिलने का इंतजार रहता है। इसी उम्मीद के बीच दुकानदार ने अपनी किस्मत को लेकर एक ऐसा ऐलान किया कि उसकी दुकान पर लगे पोस्टर का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो गया। जिसमें दुकानदार ने एक दिलचस्प ऐलान कर दिया। उसने कहा कि अगर उसकी किस्मत अच्छी रही और उसे IPO में शेयर मिल गए, तो वह बाजार में आने वाले लोगों को मुफ्त कुल्फी बांटेगा। इस वादे ने उस दुकानदार को भी सोशल मीडिया पर चर्चा में ला दिया।
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया दुकानदार
दुकानदार के इस वीडियो (Video) को सोशल साइट एक्स पर @IndianTechGuide नाम के अकाउंट से शेयर किया है। जहां दुकानदार का यह ऐलान लोगों को खूब पसंद आ रहा है। जिसमें दुकानदार अपनी खुशियों को लोगों के साथ बांटने की बात कर रहा है। आमतौर पर लोग IPO में शेयर मिलने पर अपने फायदे और नुकसान का हिसाब लगाते हैं लेकिन इस दुकानदार ने अपनी किस्मत से मिली खुशी को दूसरों के साथ बांटने का मन बना लिया है। अगर उसे शेयर मिल जाते हैं और वह अपना वादा पूरा करता है, तो बाजार में आने वाले लोगों को मुफ्त कुल्फी खाने का मौका मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
