Jhansi Railway Station Viral Video: उत्तर प्रदेश के झांसी रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक बीमार बुजुर्ग यात्री को पलंग पर लिटाकर प्लेटफॉर्म तक ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने रेलवे की यात्री सुविधाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पुरुष और एक महिला मिलकर एक बुजुर्ग मरीज को पलंग पर लेकर जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग मरीज को इलाज के लिए झांसी लाए थे और डॉक्टर को दिखाने के बाद उसे वापस बांदा ले जा रहे थे। उन्हें प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंचकर ट्रेन पकड़नी थी।
व्हीलचेयर या स्ट्रेचर नहीं मिला? वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
बाद में सोशल मीडिया पर Video Viral
प्लेटफॉर्म की ओर जाते समय मरीज को पलंग पर ले जाना उनके लिए काफी मुश्किल साबित हुआ। वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि रास्ते में थकान होने पर परिजन कुछ देर के लिए रुक जाते हैं और पलंग को नीचे रखकर आराम करते हैं। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो (Viral Video) सामने आने के बाद लोगों ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई लोगों का कहना है कि स्टेशन पर बीमार और बुजुर्ग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर और स्ट्रेचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी का आया बयान
हालांकि, झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्टेशन पर व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की सुविधा उपलब्ध है। उनके अनुसार, संभव है कि यात्री के परिजनों ने इन सुविधाओं की मांग नहीं की हो। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे से सहायता मांगी जाती तो जरूर उपलब्ध कराई जाती। अधिकारी ने यह भी बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी ली जा रही है और पूरे मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना ने एक बार फिर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी उपलब्धता को लेकर बहस छेड़ दी है।
