Viral Video: जब भी साइकिलिंग या मैराथन जैसे बड़े फिटनेस इवेंट्स की बात आती है, तो हमारे दिमाग में ट्रैकसूट, शॉर्ट्स या प्रोफेशनल स्पोर्ट्स वियर पहने लोगों की तस्वीर उभरती है। लेकिन, क्या आपने कभी किसी को पारंपरिक भारतीय साड़ी, स्नीकर्स और हेलमेट पहनकर दुनिया के सबसे व्यस्त हाईवे पर साइकिल चलाते देखा है? दुबई की सड़कों से एक ऐसा ही दिल जीत लेने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है।
भारतीय महिला का देसी अंदाज (तस्वीर साभार- @kanchananair)
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में भारतीय उद्यमी कंचना नायर दुबई के प्रतिष्ठित 'शेख जायद रोड' पर बेहद आत्मविश्वास और मुस्कुराहट के साथ साइकिल चलाती नजर आ रही हैं। वायरल क्लिप में कंचना का अंदाज हर किसी का ध्यान खींच रहा है। चारों तरफ प्रोफेशनल साइकिलिंग गियर पहने हजारों लोगों की भीड़ के बीच कंचना अपनी खास वेशभूषा के कारण अलग ही चमक रही हैं। उन्होंने केरल की पारंपरिक क्रीम और गोल्डन बॉर्डर वाली साड़ी को बेहद सलीके से ड्रेप किया है। इसके साथ उन्होंने ब्राइट पिंक रंग का ब्लाउज, मैचिंग पिंक हेलमेट और पिंक स्पोर्ट्स शूज पहने हैं। इतना ही नहीं, उनकी लाल रंग की साइकिल के टायर भी पिंक रंग के हैं, जो उनके पूरे लुक को परफेक्ट बना रहे हैं। पीठ पर एक स्लिंग बैग टांगे और कमर पर इवेंट का बिब नंबर लगाए कंचना बिना किसी झिझक के साइकिल दौड़ा रही हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में बज रहा मधुर मलयालम संगीत इस पूरे दृश्य को और भी खूबसूरत बना रहा है। रास्ते में कई लोग उन्हें देखकर मुस्कुराते और उनका उत्साह बढ़ाते नजर आ रहे हैं, जिस पर कंचना भी हाथ उठाकर 'विक्ट्री' साइन दिखाते हुए अभिवादन स्वीकार करती हैं। देखें वीडियो...
भारतीय महिला का देसी अंदाज
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने इस अनुभव को बेहद खास बताते हुए लिखा कि जिस शेख जायद रोड पर आमतौर पर लग्जरी गाड़ियां करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती हैं, वहां साइकिल चलाना एक अविस्मरणीय अहसास था। कंचना ने बताया कि अपनी संस्कृति, अपनी जड़ों और एक मलयाली महिला होने की भावना को सेलिब्रेट करने के लिए ही उन्होंने साइकिलिंग के लिए साड़ी को चुना। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो को kanchananair ने खुद अपने अकाउंट से शेयर किया है। इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। जबकि, हजारों लोगों ने वीडियो को पसंद किए हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर लोग जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
