वायरल न्यूज़

जिंदगी और मौत के बीच खड़ा था कुत्ता, 12वीं मंजिल की छत पर जा फंसा, रेस्क्यू का Video हुआ वायरल

गुरुग्राम में एक आवारा कुत्ता सुनसान इमारत की 12वीं मंजिल पर फंस गया। 112 पर सूचना के बाद फायर टीम ने उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

Image

गुरुग्राम में एक आवारा कुत्ता सुनसान इमारत की 12वीं मंजिल पर फंस गया। (Instagram/@scoodographer)

गुरुग्राम से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी धड़कन बढ़ सकती है। यहां एक आवारा कुत्ता एक सुनसान इमारत की 12वीं मंजिल की छत पर जा पहुंचा और किनारे के पास फंस गया। नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं था। गनीमत रही कि समय रहते लोगों की नजर उस पर पड़ गई और उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

12वीं मंजिल की छत पर पहुंचा कुत्ता

यह मामला सोहना रोड के पास सुभाष चौक के आसपास का बताया जा रहा है। घटना बुधवार सुबह की बताई गई है। पास की बिल्डिंग में रहने वाले एक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर की नजर सामने वाली सुनसान इमारत पर गई। वहां उन्होंने देखा कि एक स्ट्रीट डॉग ऊंचाई पर बने छज्जे या छत के किनारे फंसा हुआ है। कुत्ता इतनी ऊंचाई पर था कि उसके नीचे गिरने का बड़ा खतरा था। ऐसे में लोगों ने तुरंत मदद करने की कोशिश की। मामले की जानकारी इमरजेंसी नंबर 112 पर दी गई। इसके बाद रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

मौके पर पहुंची फायर सर्विस

जानकारी मिलने के करीब 30 मिनट बाद हरियाणा फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की पीसीआर टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की। फायर कर्मियों ने काफी सावधानी से कुत्ते तक पहुंचने की कोशिश की। ऊंचाई ज्यादा होने के कारण जरा सी गलती भी खतरनाक हो सकती थी। आखिरकार टीम ने कुत्ते को सुरक्षित नीचे उतार लिया। रेस्क्यू के दौरान कुत्ता काफी डरा हुआ नजर आया, लेकिन जैसे ही वह नीचे आया, उसकी पूंछ हिलती दिखाई दी। मानो वह भी समझ गया हो कि अब खतरा टल चुका है। जमीन पर आने के बाद कुत्ता सुरक्षित था और उसे किसी तरह की चोट नहीं लगी। इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

12वीं मंजिल तक कैसे पहुंचा कुत्ता

वीडियो देखने के बाद लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह कुत्ता 12वीं मंजिल तक पहुंचा कैसे? सुनसान इमारत में उसके ऊपर जाने का रास्ता क्या था, यह अभी साफ नहीं है। कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि कहीं किसी ने उसे जानबूझकर तो वहां नहीं छोड़ा था। वहीं, कुछ यूजर्स ने बिल्डिंग की सीसीटीवी फुटेज देखने की बात कही। सोशल मीडिया पर लोग रेस्क्यू टीम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने मजाकिया अंदाज में कुत्ते को ‘डोगेश भाई’ नाम दे दिया। एक यूजर ने लिखा कि डोगेश भाई को दोबारा ऐसा स्टंट नहीं करना चाहिए।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article