सोशल मीडिया पर अक्सर जंगली दुनिया के वीडियो वायरल होते रहते हैं। कई दफा इन वीडियो (Video) में जंगल में रहने वाले जंगली जानवरों का रोमांच भरा पल देखने को मिलता है तो कई बार ऐसे नजारे कैमरे में कैद हो जाते हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक मादा प्यूमा बड़ी शांति से फोटोग्राफरों के एक समूह के बीच से होकर गुजरती दिखाई देती है। इस वीडियो की सबसे खास बात यह है कि इस प्यूमा की नजरें कैमरे या फिर उन फोटोग्राफरों पर नहीं बल्कि अपने शिकार पर टिकी थी।
फोटोग्राफरों को नजरअंदाज कर शिकार की ओर आगे बढ़ती मादा प्यूमा (X/@NatureUnedited)
शिकार पर नजरें गड़ाए बैठी थी प्यूमा
वायरल हो रहे इस वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @NatureUnedited नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 38 लाख लोगों ने देखा और 44 हजार लोगों ने लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में बताया जा रहा है कि इस मादा प्यूमा का नाम 'डानिया' (Dania) है। जो अपने शिकार पर नजरें गड़ाए बैठी थी और बिल्कुल दबे पांव उसके पीछे-पीछे जा रही थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
कुछ ही कदम दूर थी खूंखार प्यूमा, फिर भी शांत बैठे रहे फोटोग्राफर
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि कई वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर खुले मैदान में अपने कैमरे लेकर बैठे हैं। तभी अचानक डानिया वहां पहुंच जाती है। आमतौर पर कोई भी जंगली शिकारी इंसानों को देखकर सतर्क हो जाता है, लेकिन इस मादा प्यूमा का पूरा ध्यान पास में ही मौजूद गुआनाको (Guanaco) पर था, जो दक्षिण अमेरिका में पाया जाने वाला एक जंगली जानवर है। डानिया बेहद ही शांति से फोटोग्राफरों के बिल्कुल पास से गुजरती है। वह किसी पर हमला करने की कोशिश नहीं करती और न ही कैमरों की आवाज से घबराती है। उसकी आंखें लगातार अपने शिकार पर टिकी रहती हैं। यह नजारा देखकर वहां मौजूद सभी लोग भी शांत बने रहते हैं और इस दुर्लभ पल को अपने कैमरों में कैद करते हैं।
वीडियो पर कुछ ऐसा रहा लोगों का रिएक्शन
वीडियो के वायरल (Video Viral) होने के बाद कई लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जहां कई यूजर्स ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा है कि जंगली जानवर बिना वजह इंसानों पर हमला नहीं करते। उनका असली मकसद सिर्फ अपने शिकार को ढूंढना होता है। प्यूमा को लेकर वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट बताते हैं कि यह एक बेहद ही समझदार और धैर्यवान शिकारी होती है। वह शिकार करने से पहले काफी देर तक अपने लक्ष्य पर नजर रखती है और सही समय का इंतजार करती है। यही वजह है कि डानिया ने आसपास मौजूद इंसानों को नजरअंदाज किया और अपना पूरा ध्यान गुआनाको पर बनाए रखा।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
