उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों और नदियों को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। लोग यहां घूमने, परिवार के साथ समय बिताने और कुदरत का आनंद लेने आते हैं लेकिन कभी-कभी मौज-मस्ती के चक्कर में लोग ऐसी हरकत कर बैठते हैं, जो उनकी और दूसरों की जान को खतरे में डाल देती है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
परिवार समेत नदी में उतार दी कार (सांकेतिक तस्वीर, AI Generated Image)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
चार पहिया वाहन को नदी में लेकर घुसा चालक
वायरल वीडियो (Viral Video) के कैप्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक, मामला उत्तराखंड के पौड़ी जिले के यमकेश्वर का बताया जा रहा है। जहां एक कार चालक ने अपनी चार पहिया वाहन को सीधे नदी में उतार दिया। हैरानी की बात यह थी है कि वाहन के अंदर पूरा परिवार बैठा हुआ था। इसके बावजूद चालक ने वाहन को नदी में उतार दिया। नदी में पहुंचने के बाद गाड़ी वहीं फंस गई। वाहन में मौजूद लोग नदी से बाहर निकल आए। जबकि वाहन चालक गाड़ी की छत पर चढ़कर मस्ती में डांस करने लगा और वीडियो अपने कैमरे में रिकॉर्ड करने लगा।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहा है। वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @sirajnoorani नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। जहां कई लोगों ने दूसरों की ऐसी स्थितियों से बचने की सलाह दी तो कई अन्य लोगों ने इस कारनामे को खतरनाक बताया। एक यूजर ने वीडियो (Video) पर कमेंट करते हुए लिखा, अगर पानी का बहाव अचानक बढ़ जाए या कार किसी गहरे हिस्से में फंस जाए, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। ऐसे में कार को नदी में ले जाना किसी बड़े खतरे को बुलावा देने जैसा है। खासकर तब, जब गाड़ी में परिवार के दूसरे सदस्य भी बैठे हों। दूसरे ने लिखा, घूमने-फिरने के दौरान रोमांच और मस्ती करना गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना भी समझदारी नहीं है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
