दिवाली, भारत का सबसे बड़ा और चमक-दमक वाला त्योहार है। हर साल यह पर्व देश के हर कोने को रोशनी और खुशी से भर देता है। इस साल भी पूरे देश ने बड़ी धूमधाम से दिवाली का त्योहार मनाया। इस मौके पर बेंगलुरु के एक ड्रोन संचालक, श्रीहरि करंथ, ने पूरे शहर का एक शानदार हाइपरलैप्स वीडियो सोशल साइट एक्स पर शेयर किया। दिवाली के इस उत्सव पर बेंगलुरु की रौनक इस वीडियो में देखने को मिल रही है।
दिवाली पर बेंगलुरु शहर का नजारा (X/@sriharikaranth)
आतिशबाजी और रंग-बिरंगी लाइट्स से जगमगाया शहर
वीडियो में बेंगलुरु का आसमान आतिशबाजी की चमक से जगमगाता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो बेंगलुरु की खुशनुमा जिंदगी और दिवाली पर लोगों के उत्साह को दिखा रहा है। वीडियो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दे रहा है। श्रीहरि करंथ ने अपने ड्रोन कैमरे की मदद से रात में बेंगलुरु के आकाश के नजारे को कैप्चर किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि बेंगलुरु का आसमान आतिशबाजी के रंग-बिरंगे विस्फोटों से सजा दिख रहा है।
बेंगलुरु के ऊपर ड्रोन हाइपरलैप्स का शानदार वीडियो
श्रीहरि करंथ ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए एक कैप्शन लिखा, "बेंगलुरु के ऊपर ड्रोन हाइपरलैप्स का एक शानदार नजारा। दीपावली के मौके पर शहर के आसमान को दिखा रहा है।" जैसे ही ड्रोन शहर की ऊंची-ऊंची इमारतों के ऊपर से गुजरता है, नीचे का नजारा देखने से ऐसा लग रहा है जैसे अंतरिक्ष में एक साथ अनगिनत सितारें टिमटिमा रहे हों। यह नजारा किसी जादुई दृश्य से कम नहीं लग रहा। दिवाली पर रोशनी से सजी इमारतें और आकाश में फटते पटाखे, बेंगलुरु की आधुनिकता और परंपरा दोनों को दिखा रहे हैं।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लोगों का ढेर सारा प्यार मिल रहा है। वीडियो पर लोग कमेंट कर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। जैसे एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "जब लोग बेंगलुरु को उबाऊ कहते हैं और अपने शहर को बेहतर बताते हैं, तब मुझे अपने शहर के ऐसे पोस्ट देखकर बहुत गर्व होता है।" एक अन्य यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए सलाह दी और कहा, "इस तरह के शानदार काम को इंटरनेशनल लेवल पर ले जाना चाहिए ताकि दुनिया भर में लोग बेंगलुरु की इस खूबसूरती को देख सकें।"
