वायरल न्यूज़

VIDEO: नदी के तेज बहाव में फंसा हाथियों का झुंड, वन विभाग ने संभाला मोर्चा, कुछ ऐसे बची गजराज फैमिली की जान

बहराइच की कौड़ियाला नदी में तेज बहाव के बीच 3 बड़े हाथी और 2 बच्चे फंस गए। वन विभाग और सिंचाई विभाग की मदद से हाथियों को सुरक्षित जंगल में पहुंचाया गया।

Image

नदी में तेज बहाव के बीच फंसे 5 हाथी (X/@rameshpandeyifs)

उत्तर प्रदेश के बहराइच इलाके से एक ऐसा वीडियो (Video) सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया (Social Media) यूजर्स का दिल जीत लिया। वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि हाथियों का एक झुंड तेज बहाव वाली नदी में फंसा नजर आ रहा है। पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि हाथियों के लिए खुद को संभालना भी मुश्किल हो रहा था। सबसे ज्यादा परेशानी दो छोटे हाथियों यानी बच्चों को हो रही थी।

नदी की तेज धारा में बहते नजर आए 5 हाथी

घटना का यह वीडियो (Video) सोशल मीडिया (Social Media) पर इस वक्त जमकर वायरल हो रहा है। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करने वाले वन अधिकारी रमेश पांडेय के अकाउंट @rameshpandeyifs से लिया है। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में घटना को लेकर बताया कि यह घटना 25 अगस्त 2026 की सुबह की है। जहां कतर्नियाघाट क्षेत्र में सूचना मिली कि तीन बड़े हाथी और दो बच्चे कौड़ियाला नदी के तेज बहाव में बहते हुए गिरजापुरी बैराज की तरफ जा रहे हैं। तेज पानी के कारण छोटे हाथी लगातार बहाव की तरफ खिंचे जा रहे थे। वीडियो में भी देखा जा सकता है कि हाथी पानी के बीच खुद को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बड़े हाथी भी बच्चों के पीछे-पीछे जा रहे थे। माना जा रहा है कि वे अपने बच्चों को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तेज बहाव के कारण उनके लिए भी तैरना आसान नहीं था।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

बैराज का गेट बंद होते ही हाथियों का रेस्क्यू हुआ मुमकिन

जैसे ही वन विभाग को इसकी जानकारी मिली, टीम तुरंत मौके की ओर रवाना हुई। अधिकारियों ने हालात को देखते हुए सिंचाई विभाग से भी मदद मांगी। इसके बाद बैराज का गेट बंद कर दिया गया, जिससे नदी के पानी का तेज बहाव कुछ कम हो गया। पानी की रफ्तार कम होते ही हाथियों को खुद को संभालने का मौका मिला। बड़े हाथियों ने भी राहत की सांस ली और अपने दोनों बच्चों को सुरक्षित दिशा में ले जाने में कामयाब रहे।

रेस्क्यू के बाद वापस जंगल भेजी गई गजराज फैमिली

इसके बाद वन विभाग की टीम ने हाथियों को बैराज के आसपास से दूर करने के लिए शोर और दूसरी सुरक्षित कोशिशों का सहारा लिया। धीरे-धीरे पूरा झुंड जंगल की तरफ चला गया। इस तरह तीन बड़े हाथियों और दो बच्चों की जान बच गई। इस पूरे रेस्क्यू में इंसानों के साथ-साथ हाथियों का अपने बच्चों के प्रति लगाव भी साफ दिखाई दिया। बड़े हाथी मुश्किल हालात में भी बच्चों के आसपास बने रहे और उन्हें अकेला नहीं छोड़ा। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने वन विभाग और सिंचाई विभाग की तेजी से की गई कार्रवाई की खूब तारीफ की। कई लोगों ने कहा कि समय पर मदद नहीं मिलती तो हालात और गंभीर हो सकते थे।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article