भारत के बड़े शहरों में रहने वाले लोग रोजाना ट्रैफिक के शोर, गाड़ियों के हॉर्न और सड़कों पर होने वाली भागदौड़ का सामना करते हैं। सुबह घर से निकलते ही कानों में हॉर्न की आवाज गूंजने लगती है। कई बार तो ट्रैफिक में फंसे लोग बिना वजह भी हॉर्न बजाते रहते हैं लेकिन देश में एक ऐसा शहर भी है, जहां सड़कों पर इस तरह का शोर सुनने को नहीं मिलता। यहां के लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करते हैं और बेवजह हॉर्न बजाने से बचते हैं। यह शहर है मिजोरम की राजधानी आइजोल। अब उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी इस शहर की शांति और अनुशासन के मुरीद हो गए हैं।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के बारे में बताती लड़की (X/@anandmahindra)
आइजोल की खामोशी ने खींचा आनंद महिंद्रा का ध्यान
आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो (Video) शेयर किया है। जिसमें एक लड़की शहर के ट्रैफिक व्यवस्था के बारे में बता रही है। वीडियो के कैप्शन में आनंद महिंद्रा ने आइजोल के ट्रैफिक अनुशासन और वहां के शांत माहौल की तारीफ की है। उन्होंने बताया कि वह पहले भी इस शहर के लोगों के ट्रैफिक नियमों के प्रति सम्मान और लेन में चलने की आदत के बारे में लिख चुके हैं। उन्होंने खास तौर पर साल 2017 में शुरू की गई नो-हॉर्न पॉलिसी का जिक्र किया। इस नियम का मकसद सड़कों पर बेवजह हॉर्न बजाने से होने वाले शोर को कम करना है। आनंद महिंद्रा ने कहा कि अब वह इस सामूहिक अनुशासन के नतीजे पर ध्यान दे रहे हैं, जिसकी चर्चा एक महिला ने बड़े गर्व के साथ की है। वह नतीजा है- शहर की खामोशी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
बड़े शहरों में दुर्लभ हो गया है सुकून
आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने अपनी पोस्ट में कहा कि बड़े और व्यस्त शहरों में शांति अब एक दुर्लभ चीज बनती जा रही है। दिल्ली, मुंबई और दूसरे बड़े महानगरों में रहने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक का शोर रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गया है। ऐसे में किसी शहर की सड़कों पर बिना लगातार हॉर्न की आवाज के सफर करना अपने आप में एक अलग अनुभव हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक लोग घूमने के लिए खूबसूरत पहाड़, शानदार नजारे और ऐतिहासिक इमारतें तलाशते रहे हैं लेकिन आने वाले समय में किसी शहर की शांति और सुकून भी लोगों के यात्रा करने की बड़ी वजह बन सकते हैं।
घूमने की वजह बन सकती है शहरों की खामोशी
आनंद महिंद्रा ने अपनी पोस्ट में 'क्वेस्ट फॉर क्वाइट' यानी शांति की तलाश की बात कही। उनके मुताबिक, हो सकता है कि आने वाले समय में लोग ऐसी जगहों पर जाना ज्यादा पसंद करें, जहां उन्हें ट्रैफिक के शोर और भागदौड़ से दूर कुछ समय बिताने का मौका मिले।
