Ajab Gajab: क्या आपने कभी किसी ऐसे आलीशान रेजिडेंशियल एरिया की कल्पना की है, जहां घर बिल्कुल नए हों, सड़कें बनी हों, लेकिन पिछले 7 साल से वहां एक भी इंसान ने कदम न रखा हो? सुनने में यह किसी हॉरर मूवी की स्क्रिप्ट या रहस्यमयी कहानी जैसा लग सकता है, लेकिन यह हकीकत है दुनिया के सबसे ताकतवर देशों में गिने जाने वाले ब्रिटेन की। यूनाइटेड किंगडम के कॉर्नवॉल इलाके के कैलस्टॉक गांव में स्थित यह 'घोस्ट एस्टेट' इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर ग्लोबल मीडिया तक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। आइए जानते हैं पूरा मामला...
सात साल से वीरान पड़े हैं घर (तस्वीर साभार- AI)
बात कुछ साल पहले की है, जब ब्रिटेन के इस खूबसूरत ग्रामीण इलाके में लोगों की आवास की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक शानदार हाउसिंग प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार की गई थी। इस प्रोजेक्ट का नाम 'ब्रिज व्यू नर्सरी' रखा गया था। योजना के तहत इस पूरी जमीन पर कुल 33 आधुनिक घर बनाए जाने थे। इसमें सबसे खास बात यह थी कि इनमें से 15 घर पूरी तरह से 'अफोर्डेबल हाउसिंग' के तहत आरक्षित किए गए थे, ताकि आम लोग और स्थानीय परिवार जो महंगे मकान नहीं खरीद सकते, वे भी अपने सपनों का आशियाना पा सकें। शुरुआत में सब कुछ कागजों पर बेहद शानदार दिख रहा था, लेकिन किसे पता था कि यह सपना जल्द ही एक प्रशासनिक और आर्थिक जंजाल में बदल जाएगा। किसी भी बड़े निर्माण कार्य के लिए बजट और समय सबसे अहम होते हैं, लेकिन इस प्रोजेक्ट के साथ कुछ ऐसा हुआ कि यह बीच रास्ते में ही दम तोड़ गया। बताया जाता है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ही डेवलपर्स को फंड्स की भारी कमी का सामना करना पड़ा। स्थानीय कॉर्नवॉल काउंसिल से जरूरी मंजूरियां और अप्रूवल मिलने में लंबी देरी हुई। इस देरी की कीमत डेवलपर्स को भारी ब्याज के रूप में चुकानी पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ ब्याज के तौर पर ही लगभग 12 लाख पाउंड यानी करीब 14 करोड़ रुपये से ज्यादा का फालतू खर्च हो गया। इस प्रोजेक्ट के दौरान एक मुश्किल और आ गई। जमीन की बनावट के कारण वहां एक भारी-भरकम 'रिटेनिंग वॉल' और एक अतिरिक्त सड़क बनानी पड़ी। अकेले इस रिटेनिंग वॉल पर लगभग 7.5 लाख पाउंड करीब 9 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आने का अनुमान लगाया गया।
वीरान पड़े हैं घर
इन तमाम आर्थिक झटकों और बढ़ते खर्च के दबाव के चलते साल 2019 में इस प्रोजेक्ट पर ताला लग गया और यहां निर्माण का काम हमेशा के लिए रोक दिया गया। जब यह प्रोजेक्ट बंद हुआ, तब तक 33 के मुकाबले केवल 10 घर ही किसी तरह बन पाए थे। इनमें से भी लगभग 8 घर बाहरी तौर पर लगभग तैयार हैं, लेकिन उनके अंदर फर्श, जरूरी फिटिंग और फिनिशिंग का काम अभी भी बाकी है। बाकी के मकान या तो आधे-अधूरे हैं या फिर सिर्फ उनकी नींव ही तैयार हो पाई है। इन 10 घरों में से आज तक एक भी घर में कोई परिवार रहने नहीं आया है। पिछले 7 सालों से ये घर पूरी तरह वीरान पड़े हैं।
