Ajab Gajab: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत को लेकर इतने स्ट्रिक्ट हो गए हैं कि चीनी का नाम सुनते ही डरने लगते हैं। लेकिन, पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत में रहने वाले 101 साल के लू शिजेंग ने दुनिया को हैरान कर दिया है। इंटरनेट पर इन दिनों उनका एक अलग ही अंदाज वायरल हो रहा है, जहां लोग यह जानकर शॉक्ड हैं कि इतनी लंबी उम्र का यह बुजुर्ग किसी फैंसी डाइट के बजाय कोल्ड ड्रिंक और सीफूड का शौकीन है। तो आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
चीनी बुजुर्ग का जलवा (AI तस्वीर)
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लू के घर में Coca-Cola और Sprite के डिब्बे हमेशा भरे रहते हैं। उन्हें ठंडी स्प्राइट में चीनी या व्हाइट वाइन की कुछ बूंदें मिलाकर पीना बेहद पसंद है। उनकी देखभाल करने वाली केयरटेकर बताती हैं कि लू की भूख गजब की है। वे एक बार में आधा कटोरा चावल और पूरा प्लेटभर कर केकड़ा खा जाते हैं। उन्हें सब्जियों के मुकाबले ताजे और मीठे फल जैसे तरबूज, नाशपाती और संतरा खाना ज्यादा अच्छा लगता है। आपको भले ही उनकी डाइट थोड़ी अजीब लग रही हो, लेकिन उनकी लाइफस्टाइल का एक हिस्सा ऐसा है जो हर किसी को सीख दे सकता है। उनकी डेली रूटीन काफी अनुशासित है। लू शाम को ठीक 5 बजे अपना डिनर खत्म कर लेते हैं और रात करीब 8 बजे तक बिस्तर पर सोने के लिए चले जाते हैं। वहीं, सुबह 4 बजे ही जाग जाते हैं, लेकिन उठने की जल्दी नहीं करते। वे अगले दो घंटे बिस्तर पर लेटे-लेटे ही आराम से स्ट्रेचिंग और बॉडी मूवमेंट करते हैं और फिर सुबह 6 बजे पूरी तरह बिस्तर छोड़ते हैं। इसके अलावा शरीर को एनर्जेटिक बनाए रखने के लिए वे दोपहर में एक छोटी सी नींद जरूर लेते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल कहानी
अपनी सेहत के बारे में बात करते हुए लू बड़े गर्व से कहते हैं कि पिछले साल एक छोटे से फॉल के अलावा वे हमेशा तंदुरुस्त रहे हैं। उनके मुताबिक उन्हें जल्दी से सर्दी-जुकाम या वायरल इंफेक्शन नहीं होता। उनका ब्लड प्रेशर कंट्रोल और नॉर्मल रहता है। उनकी जवानी के दिनों की याददाश्त आज भी इतनी तेज है कि वे पुरानी बातें साफ-साफ याद रखते हैं। सोशल मीडिया पर जब से लू शिजेंग की कहानी वायरल हुई है, तब से इस पर बहस छिड़ गई है कि क्या कोल्ड ड्रिंक पीने से लंबी उम्र मिल सकती है? वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन और हेल्थ एक्सपर्ट्स साफ तौर पर यह चेतावनी देते हैं कि चीनी या शुगर-स्वीटेड ड्रिंक्स का नियमित सेवन डायबिटीज, मोटापा और दिल की बीमारियों के खतरे को बढ़ा सकता है। लू की लंबी उम्र का राज शायद उनकी शानदार जेनेटिक्स , मानसिक रूप से तनावमुक्त रहना और एक तयशुदा रूटीन है। हर किसी पर यह फॉर्मूला फिट बैठे, यह जरूरी नहीं है।
