अगर आपसे यह कहा जाए कि एक बिल्डिंग के अंदर से एक हाईवे गुजरता है, तो शायद ही आप इस बात पर यकीन करेंगे। लेकिन यह सच है। ऐसी सच में एक बिल्डिंग है, जिसके बीचोबीच एक हाईवे गुजरता है। आज हम आपको आर्किटेक्चर के इसी नायाब नमूने के बारे में बताने जा रहे हैं।
बिल्डिंग जिसके बीचोंबीच निकलता है हाईवे (Instagram/@viajero_total)
जापान का गेट टावर बिल्डिंग
हम जिस बिल्डिंग के बारे में बात कर रहे हैं, उसका नाम गेट टावर बिल्डिंग है। यह जापान के ओसाका शहर में स्थित है। यह बिल्डिंग एक 16 मंजिला इमारत है, और इसी बिल्डिंग से होकर एक हाईवे गुजरता है, जो इसे दुनिया की सबसे अनोखी इमारतों में से एक बनाता है। यह इमारत लोगों को हैरत में डाल देती है। जापान का यह हैरतअंगेज नमूना अपनी अत्याधुनिक तकनीक और अनोखे आर्किटेक्चर के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है।
बिल्डिंग के बीचोंबीच गुजरता है हाईवे
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इस बिल्डिंग के बीचोंबीच हान्शिन एक्सप्रेसवे गुजरता है। यह हाईवे इस बिल्डिंग की 5वीं, 6वीं और 7वीं मंजिल से होकर निकलता है और इसमें सबसे खास बात ये है कि इस बिल्डिंग को कुछ ऐसे डिजाइन किया गया है कि एक्सप्रेसवे इस इमारत को बिल्कुल भी नहीं छूता। ये तो उस आर्किटेक्ट का कमाल है जिसने बिल्डिंग को कुछ यूं बनाया कि बिल्डिंग के अंदर न तो हाईवे के ट्रैफिक का शोर सुनाई देता है और न ही गाड़ियों के आने-जाने से कोई कंपन महसूस होती है। इस इमारत में लिफ्ट भी लगे हुए हैं लेकिन आप उन लिफ्ट का इस्तेमाल 5वीं, 6वीं और 7वीं मंजिल पर जाने के लिए नहीं कर सकते क्योंकि ये बिल्डिंग के बीच से गुजरने वाले हाईवे की तरफ निकलता है।
रोचक है इस बिल्डिंग की कहानी
अब आइए, अब आपको इस बिल्डिंग के बीचोंबीच हाईवे के निकलने की कहानी बताते हैं। दरअसल, जब जापान सरकार इस हाईवे को बना रही थी, तब ये बिल्डिंग इस हाईवे के रास्ते में आ रही थी। पहले इस बिल्डिंग की जगह एक पुरानी इमारत थी जिसे मरम्मत की जरूरत थी। बात 1980 की है, जमीन एक कंपनी की थी जिसके मालिकों को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया गया। इसके बाद जमीन के मालिक मामला कोर्ट लेकर पहुंच गए, जहां 5 साल की लड़ाई के बाद यह तय हुआ कि यह बिल्डिंग वैसे ही रहेगी और इसके बीचोंबीच ही हाईवे का निर्माण भी होगा।
बिल्डिंग में किराए पर चलता है एक्सप्रेस वे
तब इस बिल्डिंग के 5वें, 6वें और 7वें फ्लोर को एक्सप्रेसवे प्रशासन को किराए पर दे दिया गया। आज एक्सप्रेसवे प्रशासन कंपनी के मालिक को किराया चुकाता है और वह इस बिल्डिंग के किराएदार के रूप में शामिल है। हाईवे का नाम बिल्डिंग के किरायेदारों की सूची में आधिकारिक तौर पर शामिल है।
बेहद ही उम्दा है इमारत की संरचना और डिजाइन
गेट टावर बिल्डिंग फिलहाल टीकेपी कॉरपोरेशन का हेडक्वार्टर है। बिल्डिंग एक आर्किटेक्चरल चमत्कार होने के साथ-साथ तकनीकी रूप से भी कमाल की है। लोगों को लगता है कि इस बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता होगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। इस बिल्डिंग को कुछ ऐसे डिजाइन किया गया है कि हाईवे और बिल्डिंग दोनों एक-दूसरे को प्रभावित किए बिना सुचारू रूप से काम करते हैं। बिल्डिंग के अंदर प्रदूषण और शोर-शराबे को रोकने के लिए इसमें एक खास इन्सुलेशन तकनीक का उपयोग किया गया है। इस बिल्डिंग में 8वें मंजिल पर रहने वाले लोग नीचे वाहनों को गुजरते हुए साफतौर पर देख सकते हैं, लेकिन अंदर का माहौल पूरी तरह शांत होता है।
