UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 02 December-2025: दिसंबर का महीना शुरू होने के साथ ही उत्तर प्रदेश में ठंड जोर पकड़ने लगी है। सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। कई जगहों पर शीतलहर जैसी स्थिति भी बन रही है। साथ ही कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। जिससे विजिबिलिटी भी कम हो रही है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को सबसे ठंडा शहर मेरठ रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ में इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज हुई। अन्य जिलों में भी पिछले 24 घंटे में गिरावट रिकॉर्ड हुई है। फिलहाल दिन में धूप के कारण ठंड का प्रभाव कम है। आने वाले दिनों में यूपी का मौसम कैसा रहेगा, आइए जानते हैं:
यूपी में आज का मौसम
यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में आज पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। दिन चढ़ने के साथ ही यह छंट जाएगा। जिसके बाद धूप के कारण सर्दी का असर कम हो जाएगा। लेकिन शाम ढलते ही तापमान में गिरावट आएगी और एक बार फिर ठंड का एहसास बढ़ जाएगा।
यूपी में अगले 7 दिन कैसा मौसम रहेगा
यूपी में आने वाले 7 दिनों में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। 7 दिसंबर तक प्रदेश के किसी भी हिस्से में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस अवधि में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। यूपी में कई दिनों से न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। आने वाले दिनों में तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। जिससे यह 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। जिससे सुबह और शाम में सर्दी का एहसास बढ़ सकता है। कई जगहों पर गलन का एहसास भी हो सकता है। जिसके बाद 7 दिसंबर तक कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।
यूपी में पड़ेगी कड़ाके की ठंड
आईएमडी के अनुसार नवंबर 2025 में यूपी का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसे देखते हुए आने वाले दिनों में कड़ी ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही शीतलहर की स्थिति वाले दिनों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है। वर्तमान में प्रशांत महासागर में एक्टिव ला-नीना परिस्थितियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है। लेकिन इसके प्रभाव के साथ ही हिंद महासागर में निगेटिव इंडियन ओशन डायपोल (IOD) की तटस्थ स्थिति के मिलने से इस बार सर्दी बढ़ सकती है।
यूपी के 5 सबसे ठंडे शहर
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में सोमवार को 5 सबसे ठंड शहर मेरठ, बरेली, कानपुर, इटावा और हदोई रहे। जिनमें सबसे कम न्यूनतम तापमान मेरठ में रहा। यहां का न्यूनतम पारा सामान्य से 4.2 डिग्री कम 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा बरेली में 6.6 डिग्री, कानपुर नगर में 7.7 डिग्री, इटावा में 8.8 डिग्री और हरदोई में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में यूपी में सबसे अधिक तापमान फुरसतगंज में 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा कानपुर में 30 डिग्री, प्रयागराज में 28.4 डिग्री, अयोध्या में 28 डिग्री और बाराबंकी में भी 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
