अगर आप मध्य प्रदेश में रहते हैं तो आपको मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल 2.0 योजना के बारे में जानना चाहिए। दरअसल राज्य में इस योजना को असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इस योजना के तहत पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों को मृत्यु, दुर्घटना और दिव्यांगता जैसी परिस्थितियों में आर्थिक मदद की जाती है। योजना का लाभ सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पहुंचाया जाता है।
मध्यप्रदेश की संबल योजना का कौन ले सकता है लाभ (AI Generated Image)
कौन ले सकता है योजना का लाभ?
संबल 2.0 योजना का लाभ मध्यप्रदेश के ऐसे असंगठित श्रमिक उठा सकते हैं, जो किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा योजना के दायरे में नहीं आते हैं। आवेदक के पास समग्र आईडी और परिवार आईडी होना जरूरी है। इसके अलावा, आवेदक या उसके पति-पत्नी के नाम पर एक हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि नहीं होनी चाहिए। परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में नहीं होना चाहिए और न ही परिवार आयकरदाता होना चाहिए।
आवेदक को भविष्य निधि (PF), कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) या ग्रेच्युटी जैसी दूसरी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ भी न मिलता हो। इन शर्तों को पूरा करने वाले असंगठित श्रमिक योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कितनी मिलती है आर्थिक सहायता?
इस योजना के तहत अलग-अलग परिस्थितियों में आर्थिक मदद दी जाती है-
- अंतिम संस्कार के लिए 5,000 रुपये की सहायता।
- दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रुपये
- सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये
- स्थायी दिव्यांगता होने पर 2 लाख रुपये
- आंशिक स्थायी दिव्यांगता होने पर 1 लाख रुपये
योजना के लिए कैसे करें आवेदन?
आवेदन करने के लिए मध्य प्रदेश के आधिकारिक संबल पोर्टल पर जाएं। वेबसाइट के 'सेवाएं' सेक्शन में 'पंजीकरण हेतु आवेदन करें' विकल्प चुनें। इसके बाद अपनी समग्र आईडी और परिवार आईडी दर्ज करें। ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां भरें। विवरण जांचने के बाद सहमति दें और आवेदन सबमिट कर दें।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन करते समय आधार कार्ड, समग्र आईडी और बैंक खाते की जानकारी अपने पास रखें। आपका बैंक खाता एक्टिव होना चाहिए ताकि पात्रता और सत्यापन पूरा होने के बाद सरकारी सहायता DBT के जरिए प्राप्त हो सके। आवेदन में सभी जानकारियां सही भरें, क्योंकि गलत जानकारी के कारण आवेदन अटक सकता है। इसके अलावा, आवेदन करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर पात्रता और नए दिशा-निर्देश जरूर जांच लें।
