Gold ETF Benefits: भारत में फेस्टिव सीजन (Festive Season) की शुरुआत होने जा रही है। फेस्टिव सीजन में भारत में सोने की डिमांड बढ़ जाती है। लोग जमकर ज्वैलरी खरीदते हैं। लोग धनतेरस और अक्षय तृतिया जैसे त्योहारों पर सोना खरीदते हैं। मगर यदि आपकी जरूरत ज्वैलरी नहीं है तो आप फिजिकल के बजाय डिजिटल गोल्ड (Digital Gold) खरीद सकते हैं। डिजिटल गोल्ड में निवेश करना आसान है। इसका एक तरीका है गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड या ईटीएफ (Gold ETF)। आगे जानिए क्या है गोल्ड ईटीएफ, इसमें निवेश करने का तरीका और फायदे।
गोल्ड ईटीएफ में करें निवेश
क्या है गोल्ड ईटीएफ
सोने में निवेश करने के लिए गोल्ड ईटीएफ को अच्छा ऑप्शन माना जाता है। गोल्ड ईटीएफ असल में म्यूचुअल फंड ही है। गोल्ड ईटीएफ भी सोने के रेट पर ऊपर-नीचे होता है। गोल्ड ईटीएफ निवेशकों को लंबी अवधि में अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना रहती है।
अच्छी बात ये है कि गोल्ड ईटीएफ इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म में होते हैं। आपको इसमें सोने की शुद्धता को लेकर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। फिजिकल गोल्ड के मुकाबले गोल्ड ईटीएफ को जल्दी और मौजूदा रेट पर बेचा जा सकता है।
क्या हैं फायदे
एक गोल्ड ईटीएफ यूनिट 1 ग्राम सोने के बराबर होती है। गोल्ड ईटीएफ में 99.5% शुद्ध सोना होता है। गोल्ड ईटीएफ की कीमतें बीएसई/एनएसई की वेबसाइट पर लिस्टेड होती हैं और इसे स्टॉक ब्रोकर के जरिए कभी भी खरीदा या बेचा जा सकता है। सोने के आभूषणों के उलट गोल्ड ईटीएफ को पूरे भारत में एक ही कीमत पर खरीदा और बेचा जा सकता है।
कहां से खरीदें
डीमैट और ट्रेडिंग खाते का उपयोग करके ब्रोकर के जरिए आप बीएसई/एनएसई पर गोल्ड ईटीएफ खरीद सकते हैं। गोल्ड ईटीएफ खरीदते या बेचते समय ब्रोकरेज शुल्क और मामूली फंड मैनेजमेंट चार्जेस लागू होते हैं।
