उत्तर प्रदेश में अगर आप अपने घर में नया बिजली कनेक्शन लेने की सोच रहे हैं तो आपके लिए यह जानना जरूरी है कि बिजली विभाग इसके लिए कितने रुपये चार्ज करता है। नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को आवेदन शुल्क, सिक्योरिटी मनी, मीटर चार्ज और बिजली सप्लाई से जुड़ा शुल्क देना होता है। हालांकि, यह खर्च इस बात पर निर्भर करता है कि आप ग्रामीण इलाके में रहते हैं या शहरी इलाके में और कितने किलोवाट का कनेक्शन लेना चाहते हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि यूपी में घरेलू बिजली कनेक्शन लेने के लिए कितना पैसा खर्च करना पड़ेगा।
आप घर बैठे आसानी से नए बिजली कनेक्शन के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) की कॉस्ट डाटा बुक 2026 के अनुसार घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए अलग-अलग लोड के हिसाब से शुल्क तय किया गया है। सामान्य तौर पर 1 किलोवाट से लेकर 5 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए अलग-अलग राशि जमा करनी होती है। इसमें आवेदन शुल्क, सिक्योरिटी राशि, मीटरिंग चार्ज और सप्लाई अफोर्डिंग चार्ज शामिल होते हैं।
1 किलोवाट कनेक्शन कितने रुपये में मिलेगा?
अगर आप अपने घर के लिए 1 किलोवाट का सामान्य घरेलू बिजली कनेक्शन लेना चाहते हैं तो ग्रामीण क्षेत्र में इसके लिए कुल 3,655 रुपये खर्च होंगे। वहीं शहरी क्षेत्र में 1 किलोवाट के कनेक्शन के लिए कुल 3,855 रुपये देने होंगे। इसमें आवेदन शुल्क 200 रुपये, सिक्योरिटी राशि ग्रामीण क्षेत्र में 100 रुपये और शहरी क्षेत्र में 300 रुपये है। इसके अलावा मीटरिंग चार्ज 1,855 रुपये और सप्लाई अफोर्डिंग चार्ज 1,500 रुपये निर्धारित है।
2 किलोवाट कनेक्शन लेने पर खर्च
आजकल ज्यादातर घरों में पंखे, कूलर, फ्रिज, टीवी और अन्य बिजली के उपकरण इस्तेमाल होते हैं। ऐसे में कई लोग 2 किलोवाट का कनेक्शन लेना पसंद करते हैं। UPPCL की निर्धारित दरों के अनुसार 2 किलोवाट का घरेलू कनेक्शन ग्रामीण क्षेत्र में 3,755 रुपये और शहरी क्षेत्र में 4,155 रुपये में मिलेगा। इसमें 200 रुपये प्रोसेसिंग फीस, ग्रामीण क्षेत्र में 200 रुपये और शहरी क्षेत्र में 600 रुपये सिक्योरिटी राशि शामिल है। इसके अलावा 1,855 रुपये मीटरिंग चार्ज और 1,500 रुपये सप्लाई अफोर्डिंग चार्ज देना होगा।
3 और 4 किलोवाट कनेक्शन का खर्च
अगर आपके घर में एसी, मोटर या ज्यादा बिजली खपत करने वाले उपकरण हैं तो आपको 3 या 4 किलोवाट का कनेक्शन लेने की जरूरत पड़ सकती है। 3 किलोवाट के सिंगल फेज कनेक्शन के लिए कुल 6,908 रुपये निर्धारित हैं। वहीं 4 किलोवाट के सिंगल फेज कनेक्शन के लिए कुल 6,308 रुपये खर्च होंगे। इन दोनों कनेक्शनों में प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी राशि, मीटरिंग चार्ज और सप्लाई अफोर्डिंग चार्ज शामिल हैं।
5 किलोवाट कनेक्शन के लिए देने होंगे इतने रुपये
अगर आप 5 किलोवाट का घरेलू बिजली कनेक्शन लेना चाहते हैं तो इसके लिए कुल 18,858 रुपये खर्च होंगे। इस कनेक्शन में थ्री फेज मीटर की जरूरत पड़ती है। इसमें 500 रुपये आवेदन शुल्क, 2,000 रुपये सिक्योरिटी राशि, 6,358 रुपये मीटरिंग चार्ज और 10,000 रुपये सप्लाई अफोर्डिंग चार्ज शामिल हैं।
बिजली कनेक्शन लेने के लिए के लिए फीस
UPPCL की 2026 की दरों के अनुसार 100 मीटर तक की दूरी के लिए घरेलू कनेक्शन का खर्च इस प्रकार है:
- 1 किलोवाट ग्रामीण कनेक्शन: 3,655 रुपये
- 1 किलोवाट शहरी कनेक्शन: 3,855 रुपये
- 2 किलोवाट ग्रामीण कनेक्शन: 3,755 रुपये
- 2 किलोवाट शहरी कनेक्शन: 4,155 रुपये
- 3 किलोवाट कनेक्शन: 6,908 रुपये
- 4 किलोवाट कनेक्शन: 6,308 रुपये
- 5 किलोवाट कनेक्शन: 18,858 रुपये
ध्यान दें कि ये निर्धारित शुल्क हैं। बिजली के खंभे से घर की दूरी, कनेक्शन की श्रेणी और अन्य तकनीकी परिस्थितियों के अनुसार वास्तविक खर्च में बदलाव हो सकता है।
बिजली के खंभे से दूरी ज्यादा होने पर कितना खर्च बढ़ेगा?
नया बिजली कनेक्शन लेते समय घर से नजदीकी बिजली के खंभे की दूरी भी काफी मायने रखती है। अगर आपके घर की दूरी बिजली के खंभे से 100 मीटर तक है तो निर्धारित सप्लाई अफोर्डिंग चार्ज देना होगा। वहीं 101 से 300 मीटर तक की दूरी होने पर सप्लाई चार्ज बढ़ जाता है। उदाहरण के लिए, 2 किलोवाट के ग्रामीण घरेलू कनेक्शन में 100 मीटर तक कुल खर्च 3,755 रुपये है, जबकि 101 से 300 मीटर तक यह खर्च 5,755 रुपये हो जाता है। 300 मीटर से अधिक दूरी होने पर वास्तविक खर्च के अनुसार अतिरिक्त राशि लग सकती है।
BPL परिवारों को मिल सकती है विशेष छूट
उत्तर प्रदेश में लाइफलाइन श्रेणी के घरेलू उपभोक्ताओं को सामान्य उपभोक्ताओं के मुकाबले राहत दी गई है। 1 किलोवाट तक के लाइफलाइन कनेक्शन के लिए प्रोसेसिंग फीस 25 रुपये और सिक्योरिटी राशि शून्य रखी गई है। इस श्रेणी का लाभ अंत्योदय कार्ड धारकों या निर्धारित शर्तों के अनुसार लाइफलाइन उपभोक्ता घोषित करने वाले पात्र लोगों को मिल सकता है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए 100 मीटर तक कुल निर्धारित खर्च 1,950 रुपये है। इसमें भी कुछ राशि किस्तों में जमा करने का विकल्प उपलब्ध है।
यूपी में नया बिजली कनेक्शन कैसे लें?
उत्तर प्रदेश में नया घरेलू बिजली कनेक्शन लेने के लिए आपको बिजली विभाग के दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। आप UPPCL के झटपट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और नए कनेक्शन के विकल्प को चुनें। इसके बाद मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करें। आवेदन में अपना नाम, पता, आधार कार्ड और मकान से जुड़े जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। इसके बाद बिजली कनेक्शन का लोड यानी कितने किलोवाट का कनेक्शन चाहिए, इसकी जानकारी भरें। आवेदन जमा करने के बाद निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें। बिजली विभाग की ओर से जरूरी जांच और सत्यापन के बाद कनेक्शन जारी किया जाता है।
कहां करें ऑनलाइन आवेदन?
- नया घरेलू बिजली कनेक्शन लेने के लिए आप उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के आधिकारिक झटपट पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
- आधिकारिक वेबसाइट: https://jhatpatportal.uppcl.org/jhatpat/
- बिजली कनेक्शन या आवेदन से जुड़ी किसी समस्या के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।
