भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार धारकों के लिए बड़ी राहत दी है। अब लोग नए आधार मोबाइल ऐप की मदद से घर बैठे अपने आधार में ईमेल आईडी जोड़ या अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए किसी आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी। यूआईडीएआई के अनुसार, यह सुविधा सिर्फ नए आधार ऐप पर उपलब्ध है। 1 जुलाई 2026 से शुरू हुई यह सेवा अगले छह महीने तक पूरी तरह मुफ्त रहेगी।
आप बिना आधार सेंटर जाए खुद से ही आधार में ईमेल जोड़ सकते हैं। (फोटो क्रेडिट-Digit)
इस नई सुविधा का मकसद लोगों के लिए आधार से जुड़ी जानकारी को आसानी से अपडेट करना है। यूआईडीएआई ने बताया कि नई सुविधा शुरू होने के सिर्फ दो दिनों के भीतर ही 2.5 लाख से ज्यादा लोगों ने अपने आधार में ईमेल आईडी जोड़ी या उसे अपडेट किया।
आधार से ईमेल लिंक होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि जब भी किसी जगह आधार का वेरिफिकेशन (ऑथेंटिकेशन) किया जाएगा, उसकी जानकारी तुरंत ईमेल के जरिए मिल जाएगी। इससे आधार के इस्तेमाल पर नजर रखना आसान होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत भी जुड़ जाएगी।
3 करोड़ से अधिक लोगों ने किया डाउनलोड
यूआईडीएआई के मुताबिक, नया आधार मोबाइल ऐप लॉन्च होने के पांच महीने के भीतर 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। वहीं, 40 लाख से ज्यादा लोगों ने इसी ऐप के जरिए अपना मोबाइल नंबर अपडेट किया है, जबकि करीब 10 लाख लोगों ने अपना पता भी इस ऐप से बदला है।
यूआईडीएआई ने बताया है कि आधार में ईमेल जोड़ने या अपडेट करने की यह सुविधा फिलहाल सीमित समय के लिए मुफ्त उपलब्ध कराई गई है। अगले छह महीने तक लोग बिना किसी शुल्क के इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। इसके बाद यदि इस सुविधा पर कोई शुल्क लगाया जाता है, तो इसकी जानकारी अलग से दी जाएगी। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक अपने आधार में ईमेल आईडी नहीं जोड़ी है या पुरानी ईमेल बदलना चाहते हैं, वे इस अवसर का फायदा उठा सकते हैं।
सरकार लगातार आधार सेवाओं को पहले से ज्यादा आसान और डिजिटल बनाने पर काम कर रही है। इसी प्रयास के तहत पिछले कुछ वर्षों में कई सुविधाओं को ऑनलाइन किया गया है, ताकि लोगों को बार-बार आधार केंद्र न जाना पड़े। अब ईमेल अपडेट की सुविधा भी इसी पहल का हिस्सा है, जिससे आधार से जुड़ी जानकारी को घर बैठे आसानी से अपडेट किया जा सकेगा।
