Aadhaar : अगर आप अपने आधार कार्ड की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने नए Aadhaar App में ऐसा फीचर दिया है, जिससे आधार धारक अपने फिंगरप्रिंट, आइरिस और फेस बायोमेट्रिक को कभी भी लॉक या अनलॉक कर सकते हैं। इससे कोई भी व्यक्ति आपकी अनुमति के बिना आपके बायोमेट्रिक का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के अनुसार, देशभर में लोग इस सुविधा का 1.91 करोड़ से अधिक बार इस्तेमाल कर चुके हैं। यह फीचर आधार यूजर्स को अपनी निजी जानकारी पर ज्यादा नियंत्रण और अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करता है।
अपने आधार को कैेसे करें सुरक्षित
क्या है Aadhaar Biometric Lock फीचर?
Aadhaar Biometric Lock एक सुरक्षा सुविधा है, जिसके जरिए आधार धारक अपने फिंगरप्रिंट, आइरिस और फेस ऑथेंटिकेशन को लॉक कर सकते हैं। जब बायोमेट्रिक लॉक रहता है, तब कोई भी व्यक्ति इनका उपयोग करके आधार आधारित पहचान सत्यापन नहीं कर सकता। इसका उद्देश्य आधार से जुड़े बायोमेट्रिक डेटा को सुरक्षित रखना और किसी भी तरह के गलत इस्तेमाल को रोकना है।
किन बायोमेट्रिक जानकारी को किया जा सकता है लॉक?
UIDAI के अनुसार, आधार से जुड़े तीन प्रमुख बायोमेट्रिक माध्यमों को लॉक किया जा सकता है। इनमें फिंगरप्रिंट, आइरिस और फेस ऑथेंटिकेशन शामिल हैं। एक बार इन्हें लॉक करने के बाद इन तीनों माध्यमों से आधार सत्यापन संभव नहीं होगा। यानी कोई भी संस्था या व्यक्ति आपकी जानकारी के बिना आपके बायोमेट्रिक का उपयोग नहीं कर सकेगा।
बायोमेट्रिक लॉक होने पर क्या होगा?
जब आपका आधार बायोमेट्रिक लॉक रहेगा, तब किसी भी जगह फिंगरप्रिंट, आइरिस या फेस के जरिए आधार ऑथेंटिकेशन नहीं हो सकेगा। अगर कोई संस्था या एजेंसी बायोमेट्रिक के जरिये आपकी पहचान सत्यापित करने की कोशिश करेगी, तो सिस्टम में '330' एरर कोड दिखाई देगा। इसका मतलब होगा कि संबंधित आधार नंबर के बायोमेट्रिक लॉक हैं और ऑथेंटिकेशन की अनुमति नहीं है। यह सुविधा आधार धारकों को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करती है।
कौन कर सकता है बायोमेट्रिक लॉक?
यह सुविधा उन सभी आधार धारकों के लिए उपलब्ध है, जिनका मोबाइल नंबर आधार से रजिस्टर्ड है। अगर आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक है, तो आप नए Aadhaar App के जरिए कभी भी अपने बायोमेट्रिक को लॉक या अनलॉक कर सकते हैं। इससे आपकी निजी जानकारी की गोपनीयता और सुरक्षा और मजबूत हो जाती है।
Aadhaar App से ऐसे करें बायोमेट्रिक लॉक
अगर आप अपने आधार के बायोमेट्रिक को लॉक करना चाहते हैं, तो सबसे पहले नया Aadhaar App खोलें और अपने MPIN की मदद से लॉगिन करें। इसके बाद होम स्क्रीन पर दिखाई देने वाले "Biometrics Unlocked" विकल्प पर टैप करें। अब "Confirm Biometrics Lock" पर क्लिक करें। इतना करते ही आपका फिंगरप्रिंट, आइरिस और फेस ऑथेंटिकेशन लॉक हो जाएगा और बिना आपकी अनुमति के कोई भी इसका उपयोग नहीं कर सकेगा।
जरुरत पड़ने पर ऐसे करें बायोमेट्रिक अनलॉक
अगर आपको किसी सरकारी सेवा, बैंक या अन्य जगह आधार के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन कराना है, तो आप कुछ सेकंड में इसे अनलॉक भी कर सकते हैं। इसके लिए Aadhaar App खोलें, MPIN डालकर लॉगिन करें और "Biometrics Locked" आइकन पर टैप करें। इसके बाद "Confirm Unlock Biometrics" पर क्लिक करें। आपका बायोमेट्रिक तुरंत अनलॉक हो जाएगा और जरूरत पड़ने पर आप आधार ऑथेंटिकेशन कर सकेंगे।
फोन खो जाए तो क्या करें?
UIDAI ने यह भी बताया है कि अगर आपका मोबाइल फोन खो जाता है या आधार से लिंक मोबाइल नंबर आपके पास नहीं रहता, तो Aadhaar App के जरिए आधार सेवाओं का उपयोग करना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में आपको पहले मोबाइल नंबर या अकाउंट की रिकवरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसलिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को हमेशा सक्रिय रखना और Aadhaar App का MPIN सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
आधार की सुरक्षा के लिए उपयोगी फीचर
Aadhaar Biometric Lock फीचर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी है, जो अपने आधार डेटा को सुरक्षित रखना चाहते हैं। इससे पहचान की चोरी, फर्जी बायोमेट्रिक इस्तेमाल और अनधिकृत ऑथेंटिकेशन का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। जरुरत पड़ने पर आप कुछ ही सेकंड में बायोमेट्रिक अनलॉक कर सकते हैं और काम पूरा होने के बाद फिर से लॉक कर सकते हैं। यही वजह है कि यह सुविधा आधार यूजर्स के लिए सुरक्षा की एक मजबूत अतिरिक्त परत साबित हो रही है।
