Tatkal ticket Aadhaar rule becomes mandatory: भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। आज से यानी 15 जुलाई 2025 से IRCTC वेबसाइट, ऐप और स्टेशन काउंटर से तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार से OTP वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। बिना आधार और मोबाइल OTP के अब तत्काल टिकट बुक नहीं पाएंगे। जानिए नए नियमों से जुड़े सभी जरूरी सवालों के जवाब।
आज से तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिसे डालने के बाद ही टिकट बुक होगा। (फोटो-Istock)
क्यों बदले गए तत्काल टिकट बुकिंग के नियम?
यह बदलाव इसलिए किया जा रहा है क्योंकि, तत्काल टिकट खुलते ही कुछ मिनटों में खत्म हो जाते थे क्योंकि दलाल और एजेंट सॉफ्टवेयर की मदद से टिकट बुक कर लेते थे। इससे आम यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाते थे। अब आधार वेरिफिकेशन से केवल आम यात्रियों को ही टिकट बुकिंग का मौका मिलेगा।
आधार ऑथेंटिकेशन कैसे करेगा काम?
ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए आपको अपना आधार नंबर IRCTC अकाउंट से लिंक करना होगा। तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिसे डालने के बाद ही टिकट बुक होगा। रेलवे स्टेशन काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराने पर भी आधार नंबर देना जरूरी होगा। वहां भी OTP वेरिफिकेशन के बाद ही टिकट जारी किया जाएगा। अगर किसी और के लिए टिकट बुक करना है, तो उस यात्री का आधार नंबर और OTP भी देना होगा।
बिना आधार कार्ड के क्या टिकट बुक हो पाएगा?
नए नियमों के तहत तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार कार्ड और मोबाइल OTP जरूरी है। जिन यात्रियों के पास आधार नहीं है, वे तत्काल टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। रेलवे ने फिलहाल कोई दूसरा विकल्प नहीं बताया है।
एजेंट्स के लिए क्या बदला?
तत्काल बुकिंग सुबह 10 बजे (AC) और 11 बजे (Non-AC) शुरू होती है। पहले 30 मिनट तक एजेंट्स को टिकट बुकिंग की अनुमति नहीं होगी। यह व्यवस्था आम लोगों को टिकट बुकिंग में प्राथमिकता देने के लिए लागू की गई है। यानी एडेंट्स 10:30 बजे के बाद एसी और 11:30 बजे के बाद Non-AC टिकट बुक कर सकेंगे।
क्या ये नियम केवल तत्काल टिकट पर लागू होंगे?
हां, आधार वेरिफिकेशन की अनिवार्यता केवल तत्काल टिकटों के लिए है। सामान्य या वेटिंग टिकट बुकिंग पर यह नियम लागू नहीं होगा।
अगर समस्या आए तो क्या करें?
OTP न आने या आधार लिंक की समस्या होने पर IRCTC हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें। आधार संबंधी दिक्कतों के लिए UIDAI हेल्पलाइन 1947 पर कॉल किया जा सकता है। नजदीकी रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से भी मदद ली जा सकती है।
क्या ये नियम पूरे देश में लागू होंगे?
जी हां, ये नियम भारत के सभी रेलवे जोन में लागू होंगे। दिल्ली-मुंबई, कोलकाता-चेन्नई या किसी भी रूट की तत्काल टिकट बुकिंग में आधार OTP जरूरी रहेगा।
