Mahila Samman Savings Certificate: देश भर में महिलाओं के लिए कई स्कीम्स चल रही हैं। कुछ स्कीम्स केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई हैं तो कुछ योजनाओं को राज्यों के स्तर पर शुरू किया जाता है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने महिलाओं को वित्तीय सुरक्षा देने के लिए महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र नाम की एक नई स्कीम शुरू की है। केंद्र सरकार की इस स्कीम के तहत देशभर की महिलाएं फायदा उठा सकती हैं। पोस्ट ऑफिस की इस स्कीम की सबसे खास बात ये है कि इसमें महिलाओं को 7.5 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलता है।
पोस्ट ऑफिस की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं
2 साल के बाद खाते में आ जाएंगे इतने रुपये
महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना के तहत आप अधिकतम दो साल के लिए खाता खोल सकते हैं। दो साल के बाद स्कीम मैच्यॉर हो जाएगी। इस स्कीम के तहत अधिकतम 2 लाख रुपये जमा कराए जा सकते हैं। इस लिहाज से, अगर आपने 2 लाख रुपये से अपना महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र खाता खोला तो 7.5% की ब्याज दर से 2 साल के बाद मैच्यॉरिटी होने पर आपको 2,32,044 रुपये मिलेंगे।
महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना में किन लोगों का खुल सकता है खाता
इस योजना के तहत आप अपनी बेटी, पत्नी, मां, बहन के लिए भी खाता खोल सकते हैं। स्कीम के तहत 18 साल या इससे ज्यादा उम्र की महिला का सिंगल अकाउंट खुलता है जबकि 18 साल से कम उम्र की लड़की का खाता खोलने के लिए माता-पिता को अपना विवरण देना होगा। ध्यान रहे कि ये स्कीम सिर्फ महिलाओं के लिए है, इसमें पुरुषों का खाता नहीं खुलता।
डॉक्यूमेंट्स में किन चीजों की जरूरत पड़ेगी
महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना में खाता खोलने के लिए आपको एक फॉर्म भरना होगा। इसके साथ आपको केवाईसी के लिए पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और पैन कार्ड की जरूरत होगी। बताते चलें कि आप अपना समय बचाने के लिए पोस्ट ऑफिस की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
