बारिश के मौसम में बहुत से लोग घूमने का प्लान बनाते हैं। पहाड़ों पर फैली हरियाली, झरने, बादलों से घिरी सड़कें और ठंडी हवाएं रोड ट्रिप का मजा कई गुना बढ़ा देती हैं। लेकिन मानसून के दौरान यात्रा (Monsoon Road Trip) करना जितना रोमांचक होता है, उतना ही जोखिम भरा भी हो सकता है। भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन (Landslide) और खराब सड़कें कभी भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती हैं।
मानसून में घूमने का बना रहे प्लान, ऐसे करें तैयारी (AI Generated Image)
अगर आप भी इस बारिश में रोड ट्रिप का प्लान बना रहे हैं तो कुछ जरूरी तैयारियां पहले से कर लेने से आपका सफर सुरक्षित और आरामदायक बना सकता है-
गाड़ी की करें जांच
रोड ट्रिप पर निकलने से पहले अपनी कार की अच्छी तरह जांच करना सबसे जरूरी है। सबसे पहले टायरों की कंडीशन, ग्रिप और ट्रेड डेप्थ (Tread Depth) देखें। अगर टायर घिस चुके हैं तो उन्हें बदल दें, क्योंकि बारिश में सड़क पर पकड़ कमजोर हो सकती है।
इसके अलावा स्पेयर टायर सही हालत में होना चाहिए। ब्रेक सिस्टम, ब्रेक ऑयल, इंजन ऑयल, कूलेंट, रेडिएटर और बैटरी की जांच भी जरूर कराएं। कार के वाइपर सही तरीके से काम कर रहे हों और वॉशर फ्लूइड भरा हुआ हो, ताकि तेज बारिश में भी सामने का रास्ता साफ दिखाई देता रहे।
साथ ही हेडलाइट, फॉग लाइट, इंडिकेटर, ब्रेक लाइट, हॉर्न, एसी और डिफॉगर की भी जांच करें। अगर इनमें कोई खराबी है तो यात्रा से पहले उसे ठीक करा लें।
मौसम और रूट की जानकारी रखें
यात्रा शुरू करने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर देखें। अगर जिस इलाके में आप जा रहे हैं वहां भारी बारिश, भूस्खलन या बाढ़ का अलर्ट है, तो प्लान पोस्टपोन करना बेहतर रहेगा।
इसके साथ ही अपने पूरे रूट की जानकारी पहले से रखें। रास्ते में सड़क बंद होने, ट्रैफिक जाम या भूस्खलन की स्थिति की जानकारी लेते रहें। एक वैकल्पिक (Backup) रूट भी पहले से तय रखें ताकि किसी समस्या की स्थिति में दूसरा रास्ता अपनाया जा सके।
यात्रा के दौरान मोबाइल नेटवर्क हर जगह उपलब्ध नहीं होता, खासकर पहाड़ी इलाकों में नेटवर्क की परेशानी आ सकती है। इसलिए ऑफलाइन मैप पहले से डाउनलोड कर लें। साथ ही रास्ते में पड़ने वाले पेट्रोल पंप, होटल और रेस्ट स्टॉप की जानकारी भी पहले से नोट कर लें।
ट्रैवल इमरजेंसी किट साथ रखें
मानसून रोड ट्रिप के दौरान एक इमरजेंसी किट हमेशा कार में रखें। इसमें टॉर्च, अतिरिक्त बैटरियां, पावर बैंक, मजबूत रस्सी, टायर पंचर रिपेयर किट, एयर पंप, जम्प-स्टार्ट केबल, सीटी (Whistle), मल्टी-टूल, ऑफलाइन मैप और SOS अलार्म जैसी जरूरी चीजें शामिल होनी चाहिए।
इसके अलावा फर्स्ट-एड किट में जरूरी दवाइयां, बैंडेज, एंटीसेप्टिक, दर्द और बुखार की दवा भी रखें ताकि किसी छोटी-मोटी चोट या स्वास्थ्य समस्या से तुरंत निपटा जा सके।
बारिश से बचाव के लिए रखें ये सामान
बारिश के मौसम में रेनकोट, छाता, वाटरप्रूफ बैग और अतिरिक्त कपड़े साथ रखना बेहद जरूरी है। अगर कपड़े भीग जाएं तो बदलने के लिए तौलिया और अतिरिक्त कपड़े कार में रखें। इलेक्ट्रॉनिक सामान को हमेशा वाटरप्रूफ बैग में रखें ताकि पानी से नुकसान न हो।
यात्रा पर निकलते समय ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), इंश्योरेंस पेपर, प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) और पहचान पत्र हमेशा साथ रखें। इसके अलावा परिवार के सदस्यों या आपातकालीन संपर्क नंबरों की सूची भी अपने पास रखें।
