भारतीय रेलवे ने हावड़ा और दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू करने जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अमृत भारत एक्सप्रेस (13065/13066) का नियमित संचालन 22 जनवरी 2026 से शुरू होगा। इस ट्रेन की खास बात यह है कि यह बिहार और झारखंड के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे इन राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। आइए जानते हैं कि यह ट्रेन बिहार और झारखंड के किन-किन स्टेशन पर रुकेगी।
Amrit Bharat Express/Photo-X.COM/RailMinIndia
अमृत भारत एक्सप्रेस का बिहार-झारखंड में ठहराव
रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन झारखंड में धनबाद, नेसुब गोमो और कोडरमा, जबकि बिहार में गया स्टेशन पर रुकेगी। इसके बाद यह उत्तर प्रदेश के दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) से होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन को 18 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था और अब यह अपने तय रूट पर नियमित रूप से चलेगी।
कब और किस दिन चलेगी ट्रेन
हावड़ा से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन (13065) हर गुरुवार को हावड़ा से रवाना होगी और इसका नियमित परिचालन 22 जनवरी 2026 से शुरू होगा। वहीं, आनंद विहार से हावड़ा लौटने वाली ट्रेन (13066) हर शनिवार को चलेगी, जिसकी शुरुआत 24 जनवरी 2026 से होगी।
समय-सारणी और मार्ग
हावड़ा से चलकर यह ट्रेन गुरुवार रात 23:10 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में यह शुक्रवार सुबह 04:00 बजे धनबाद, 07:25 बजे गया और 10:45 बजे डीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद शनिवार तड़के 02:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन शनिवार सुबह 05:15 बजे आनंद विहार से रवाना होगी, रात 22:40 बजे डीडीयू, रविवार तड़के 01:45 बजे गया और रविवार सुबह 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
कोच और यात्री सुविधाएं
अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 20 कोच लगाए गए हैं। इनमें 10 जनरल कोच और 7 स्लीपर कोच शामिल हैं, ताकि आम यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सके। यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एक पैंट्रीकार और दो एसएलआर कोच भी उपलब्ध होंगे। कुल मिलाकर कहें तो यह नई ट्रेन हावड़ा और दिल्ली के बीच यात्रा को न केवल सुविधाजनक बनाएगी, बल्कि बिहार और झारखंड के यात्रियों के लिए भी एक बेहतर विकल्प साबित होगी।
