घर से Cloud Kitchen शुरू करने में कितना आएगा खर्च? समझें पूरा गणित

अगर आप भी अपना खुद का काम शुरू करना चाहते हैं और स्वादिष्ट खाने बनाने का हुनर रखते हैं तो घर से Cloud Kitchen शुरू कर सकते हैं।

आज के समय में ऑनलाइन फूड का ट्रेंड काफी बढ़ गया है। लोग घर बैठे ही ऑनलाइन फूड ऑर्डर करना पसंद करते हैं। ऐसे में आप दिल्ली में रहते हैं तो क्लाउड किचन बिजनेस को अपनी कमाई का जरिया बना सकते हैं।

Cloud Kitchen

घर से क्लाउड किचन शुरू करने के लिए कितने पैसे चाहिए (AI Generated Image)

अच्छी बात ये है कि Cloud Kitchen शुरू करने के लिए आपको महंगे रेस्टोरेंट या बड़ी दुकान की जरूरत नहीं होती। आप अपने घर के किचन से भी इस बिजनेस की शुरुआत कर सकते हैं-

क्या होता है क्लाउड किचन?

क्लाउड किचन एक ऐसा फूड बिजनेस है, जहां ग्राहकों के बैठकर खाने की व्यवस्था नहीं होती। यहां खाना तैयार कर ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाया जाता है। इसके लिए आप जोमैटो, स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम के जरिए भी ऑर्डर लिए जा सकते हैं।

कितने रुपये में शुरू होगा बिजनेस?

अगर आपके घर में पहले से किचन और जरूरी बर्तन मौजूद हैं तो करीब 50 हजार से 1 लाख रुपये में छोटा क्लाउड किचन शुरू किया जा सकता है। इसमें गैस चूल्हा, अतिरिक्त बर्तन, मिक्सर, पैकेजिंग सामग्री, कच्चा माल और शुरुआती मार्केटिंग का खर्च शामिल है। वहीं, बेहतर उपकरण और अधिक मेन्यू के साथ शुरुआत करने पर निवेश 1.5 लाख से 3 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।

किन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत?

खाने का बिजनेस शुरू करने के लिए FSSAI रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस जरूरी है। अप्रैल 2026 से लागू नए नियमों के अनुसार 1.5 करोड़ रुपये तक सालाना टर्नओवर वाले खाद्य कारोबार रजिस्ट्रेशन की कैटेगरी में आते हैं। इसके अलावा दिल्ली में क्लाउड किचन के लिए लागू हेल्थ ट्रेड लाइसेंस, स्थानीय निकाय के नियम, फायर सेफ्टी और अन्य जरूरी अनुमतियों की जानकारी भी लें। घर के पते पर व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति और मकान मालिक या सोसायटी की शर्तें जांचना जरूरी है।

कितनी होगी महीने की कमाई?

मान लीजिए आप रोजाना 25 ऑर्डर लेते हैं और एक ऑर्डर की औसत कीमत 200 रुपये है। इस हिसाब से महीने का कुल कारोबार करीब 1.50 लाख रुपये होगा। इसमें से कच्चे माल, पैकेजिंग, डिलीवरी प्लेटफॉर्म का कमीशन, बिजली, गैस और मार्केटिंग जैसे खर्च निकालने होंगे। सभी खर्चों के बाद शुरुआती स्तर पर 15 से 25 हजार रुपये मासिक मुनाफा संभव है। ऑर्डर बढ़ने और ग्राहकों की संख्या मजबूत होने पर कमाई भी बढ़ सकती है।

कैसे बढ़ाएं अपना कारोबार?

शुरुआत में राजमा-चावल, छोले-भटूरे, पराठे, बिरयानी और घर के बने खाने जैसे सीमित आइटम रखें। खाने की क्वालिटी, साफ-सफाई और समय पर डिलीवरी पर ध्यान दें। आकर्षक पैकेजिंग, अच्छे ऑफर और सोशल मीडिया प्रचार से ग्राहक बढ़ाए जा सकते हैं। सबसे जरूरी है कि शुरुआत छोटे स्तर से करें और ग्राहकों की पसंद के अनुसार मेन्यू में बदलाव करते रहें।

End Article
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार...

End of Feed