Bank FD Rates: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की हाल ही में संपन्न हुई मॉनिटरी पॉलिसी की बैठक में बल्क डिपॉजिट की लोअर लिमिट में बदलाव करने के प्रस्ताव दिए गए। इसके बाद देश के कई बैंकों ने फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में बदलाव किया है। केंद्रीय बैंक ने बल्क डिपॉजिट की लोअर लिमिट को 2 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव दिया था। आम तौर पर, बैंक रिटेल डिपॉजिट की तुलना में बल्क डिपॉजिट पर अधिक ब्याज दर प्रदान करते हैं। बल्क डिपॉजिट की लिमिट में हुए इस बदलाव के बाद बैंकों ने ब्याज दर में बदलाव किया है।
एचडीएफसी बैंक
देश के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक ने रिटेल डिपॉजिट या 3 करोड़ रुपये तक की जमा पर मिलने वाली ब्याज की दर में बदलाव किया है। रिटेल निवेशक अब एचडीएफसी बैंक की एफडी स्कीम में निवेश कर 7.20 फीसदी की उच्चतम ब्याज दर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए 4 साल 7 महीने और 55 दिन के लिए निवेश करना होगा। वहीं, सीनियर सिटीजन को इसी अवधि की एफडी पर 7.70 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा।
एक्सिस बैंक
प्राइवेट सेक्टर के बैंक एक्सिस बैंक ने भी रिटेल फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में बदलाव किया है। बैंक ने 17-18 महीने की अवधि पर ब्याज दर को बढ़ाकर 7.20 प्रतिशत कर दिया है। इस अवधि के लिए वरिष्ठ नागरिकों के एफडी में निवेश पर 7.85 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा।
यस बैंक
यस बैंक ने एफडी दर को बढ़ाकर 8 प्रतिशत कर दिया है। यस बैंक 18 महीने की अवधि के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट पर 8 फीसदी का रिटर्न दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों को समान अवधि के लिए 8.50 फीसदी की दर से रिटर्न मिलेगा।
पंजाब नेशनल बैंक
पंजाब नेशनल बैंक ने अलग-अलग अवधि की फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में बदलाव किया है। बैंक 400 दिनों की फिक्स्ड डिपॉजिट पर 7.25 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। वरिष्ठ नागरिकों को 400 दिनों की अवधि की एफडी पर 7.75 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलेगा।
