EPFO WhatsApp Service: नौकरी करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) भविष्य की बचत का एक अहम जरिया है। हर महीने कर्मचारी की सैलरी का एक हिस्सा PF खाते में जमा होता है। इस पैसे और खाते में होने वाले लेनदेन की जानकारी रखना भी जरूरी है।
आप कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके आसानी से अपने पीएफ अकाउंट का बैलेंस चेक कर सकते हैं।
अब PF खाते की जानकारी पाने के लिए आपको हर बार EPFO की वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं है। कर्मचारी WhatsApp के जरिए भी अपना PF बैलेंस चेक कर सकते हैं। इतना ही नहीं, इस सुविधा से पासबुक डाउनलोड करने और खाते में हुए पिछले 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी लेने का विकल्प भी मिलता है।
EPFO का WhatsApp नंबर क्या है?
EPFO की तरफ से शुरू की गई WhatsApp का लाभ लेने के लिए आपको सबसे पहले +91 87964 41800 नंबर पर मैसेज भेजना होगा। इस नंबर के जरिए आप अपने PF खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसमें PF बैलेंस देखना, पासबुक डाउनलोड करना और हाल के 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी लेना शामिल है। खास बात यह है कि इस सेवा में अपनी सुविधा के अनुसार भाषा चुनने का विकल्प भी दिया जाता है।
WhatsApp से PF बैलेंस कैसे चेक करें?
- सबसे पहले अपने मोबाइल में EPFO का WhatsApp नंबर 87964 41800 सेव करें।
- अब WhatsApp खोलें और इस नंबर पर Hi लिखकर भेजें।
- इसके बाद आपको EPFO की तरफ से एक स्वागत संदेश मिलेगा।
- संदेश में दिए गए विकल्पों में से अपनी पसंद की भाषा चुनें।
- अब PF बैलेंस चेक करने का विकल्प चुनें।
- इसके बाद मांगी गई जानकारी देकर अपनी पहचान को वेरिफाई करें।
- वेरिफिकेशन पूरा होते ही आपके PF खाते में जमा बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी।
WhatsApp से PF पासबुक डाउनलोड करने का तरीका
अगर आप अपने PF खाते की पूरी जानकारी देखना चाहते हैं, तो WhatsApp के जरिए पासबुक भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें जमा रकम और खाते में हुए लेनदेन का रिकॉर्ड मिलता है। आइए आपको बताते हैं कि कैसे आप कुछ ही मिनट में EPFO पासबुक को डाउनलोड कर सकते हैं।
- सबसे पहले EPFO के WhatsApp नंबर +91 87964 41800 पर Hi लिखकर भेजें।
- अब अपनी पसंद की भाषा का चुनाव करें।
- स्क्रीन पर दिखाई देने वाले विकल्पों में Download Passbook पर टैप करें।
- अगर आपके नाम पर एक से ज्यादा UAN हैं, तो उस UAN को चुनें जिसकी पासबुक चाहिए।
- इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा।
- WhatsApp पर मिले विकल्प में OTP दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें।
- प्रक्रिया पूरी होने के बाद आप अपनी PF पासबुक डाउनलोड कर सकेंगे।
- पासबुक PDF का पासवर्ड क्या होगा?
- डाउनलोड की गई पासबुक PDF खोलने के लिए डेट ऑफ बर्थ का इस्तेमाल पासवर्ड के तौर पर करना होगा।
5 ट्रांजैक्शन की जानकारी भी मिलेगी
EPFO की WhatsApp सेवा से आप सिर्फ अपना बैलेंस ही नहीं देख सकते, बल्कि खाते में हुए पिछले 5 लेनदेन की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए EPFO के WhatsApp नंबर पर Hi भेजें। इसके बाद अपनी भाषा चुनकर ट्रांजैक्शन से जुड़ा विकल्प सिलेक्ट करें। इसके बाद आप अपने PF खाते में हुई हाल की पांच एंट्री देख सकते हैं। इस सुविधा से कर्मचारियों को बार-बार वेबसाइट पर लॉगिन करने की परेशानी नहीं होगी और वे अपने PF खाते की जरूरी जानकारी मोबाइल पर ही आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
