Cash vs UPI vs Card: आज के समय में पेमेंट करने के लिए लोगों के पास कई विकल्प मौजूद हैं। कैश, UPI, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से लेकर मोबाइल वॉलेट तक का इस्तेमाल रोजमर्रा की खरीदारी में किया जाता है। हालांकि, सवाल यह कि इनमें से कौन-सा पेमेंट तरीका सबसे सही है?
पैसा बचाने का क्या है बेस्ट तरीका (Photo: iStock)
सबसे पहले तो यही समझें कि पेमेंट का कोई एक तरीका हर व्यक्ति के लिए बेहतर नहीं हो सकता। सही विकल्प उसे ही माना जाना चाहिए, जिससे खर्च पर नजर बनी रहे, बजट न बिगड़े और बिना जरूरत के खरीदारी से बचा जा सके।
कैश का कब करना चाहिए इस्तेमाल
पेमेंट का तरीका चुनते समय सबसे पहले अपनी खर्च करने की आदत को समझना जरूरी है। अगर आप खर्च का हिसाब रखना चाहते हैं और बजट से बाहर जाने से बचना चाहते हैं तो कैश एक आसान विकल्प हो सकता है। कैश में भुगतान करते समय आपको तुरंत पता चलता है कि कितने पैसे खर्च हो रहे हैं। उदाहरण के लिए अगर आप घर के कुछ खर्चों के लिए 5000 रुपये कैश निकाल लेते हैं तो महीने के अंत तक यह आसानी से जाना जा सकता है कि कितना पैसा असल में खर्च हुआ।
UPI का कब करें इस्तेमाल
UPI आज सबसे सुविधाजनक पेमेंट विकल्पों में से एक है। यूपीआई के जरिए पेमेंट कुछ ही सेकेंड में पूरा किया जा सकता है। इसका एक फायदा यह भी है कि बैंक अकाउंट से सीधे भुगतान होने के कारण खर्च का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में रहता है। लेकिन UPI की सुविधा कभी-कभी ज्यादा खर्च का कारण भी बन सकती है। इसलिए हर पेमेंट के बाद खर्च को अपने मंथली बजट में जरूर जोड़ें। हालांकि, अच्छी बात ये है कि कुछ यूपीआई ऐप्स जैसे BHIM या Gpay पर कुछ कैशबैक की सुविधा भी मिल जाती है। जो कि कैश से भुगतान करने पर नहीं मिलती।
डेबिट-क्रेडिट कार्ड का कब करें इस्तेमाल
डेबिट कार्ड भी बजट कंट्रोल करने में मदद कर सकता है क्योंकि इससे पैसा सीधे आपके बैंक अकाउंट से कटता है। इसमें उधार का बोझ नहीं होता। हालांकि, डेबिट कार्ड से भुगतान करते समय भी अपने खाते में उपलब्ध रकम और महीने के जरूरी खर्चों का ध्यान रखना चाहिए।
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल समझदारी से किया जाए तो रिवॉर्ड पॉइंट, कैशबैक और अन्य फायदे मिल सकते हैं। लेकिन इसमें सबसे जरूरी बात है कि बिल की पूरी रकम समय पर चुकाई जाए। अगर क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल नहीं चुकाया जाता है तो ब्याज और अन्य शुल्क लग सकते हैं, जिससे बचत के बजाय अतिरिक्त खर्च हो सकता है।
पैसे बचाने का बेस्ट तरीका
अगर आपका मुख्य लक्ष्य पैसे बचाना और बजट कंट्रोल करना है तो पेमेंट का तरीका आपकी खर्च करने की आदत के हिसाब से होना चाहिए। UPI या कार्ड से भुगतान करने पर खर्च का डिजिटल रिकॉर्ड रखें और महीने में कम से कम एक बार उसे चेक करें। इसके अलावा, अतिरिक्त खर्च की आदत से बचने के लिए कुछ खर्चों को कैश से मैनेज कर सकते हैं। पैसे बचाने का बेस्ट तरीका 'पेमेंट के हर तरीके का इस्तेमाल' खर्च का रिकॉर्ड रखने के साथ करना है।
