पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना (Annapurna Yojana) के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये (Annapurna Yojana Money) की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की किस्त बड़ी संख्या में लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है, लेकिन कई आवेदकों को अब तक राशि नहीं मिली है। ऐसे में कई लोगों को यह चिंता है कि कहीं उनका आवेदन रिजेक्ट तो नहीं हो गया। अगर आपके खाते में भी पैसा नहीं आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कई मामलों में आवेदन अस्वीकृत नहीं होता, बल्कि सत्यापन या दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण भुगतान में देरी होती है।
कहां अटक गए Annapurna Yojana के पैसे (AI Generated Image)
किन कारणों से रुक सकता है भुगतान?
योजना का पैसा न मिलने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। सबसे आम कारण आवेदन का सत्यापन के चरण में होना है। इसके अलावा आधार कार्ड और आवेदन में दी गई जानकारी का मेल न खाना, बैंक खाते का डीबीटी (DBT) से लिंक न होना, निष्क्रिय बैंक खाता, गलत बैंक विवरण या अधूरे दस्तावेज भी भुगतान रुकने का कारण बन सकते हैं। अगर आवेदन में नाम, पता या अन्य व्यक्तिगत जानकारी में गलती है, तब भी भुगतान अटक सकता है। वहीं, जो आवेदक योजना की पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करते, उनके आवेदन भी अस्वीकृत किए जा सकते हैं।
इसके लिए जरूरी है कि आप अपने आवेदन का स्टेटस चेक करें।
आवेदन का स्टेटस कैसे चेक करें?
अगर आपके आवेदन की राशि आने में देरी हो रही है, तो आप ऑनलाइन अपने आवेदन का स्टेटस आसानी से जांच सकते हैं-
- सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल socialregistry.wb.gov.in पर आएं।
- अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करें और मोबाइल पर प्राप्त OTP (वन-टाइम पासवर्ड) के जरिए लॉग इन करें।
- लॉग इन करने के बाद अपने Application ID के सामने दिख रहे स्टेटस (Status) को जांचें।
आवेदन का स्टेटस
Approved (स्वीकृत): अगर आपके आवेदन का स्टेटस Approved दिख रहा है, तो इसका मतलब है कि आपका आवेदन स्वीकार कर लिया गया है और जल्द ही आपके बैंक खाते में योजना की राशि भेज दी जाएगी।
Rejected (अस्वीकृत): अगर स्टेटस Rejected है तो इसका मतलब है कि आपका आवेदन योजना की पात्रता शर्तों पर खरा नहीं उतरा। हालांकि, अगर आपको लगता है कि आवेदन गलती से रिजेक्ट हुआ है तो आप बीडीओ (BDO) कार्यालय में अपील कर सकते हैं।
Pending at the BDO Office: इस स्टेटस का मतलब है कि बीडीओ कार्यालय में आपके आवेदन का सत्यापन अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे आवेदक 15 से 30 दिन बाद दोबारा स्टेटस चेक कर सकते हैं।
Payment Pending: इसका मतलब है कि आपका आवेदन वैलिड है और स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अभी तक राशि जारी नहीं की गई है।
Bank Account Invalid: अगर आपको बैंक अकाउंट इनवैलिड नजर आ रहा है तो इसका मतलब हो सकता है कि आपके बैंक खाते की जानकारी और आधार रिकॉर्ड में मेल नहीं है। इस समस्या को दूर करने के लिए बैंक पासबुक की फोटोकॉपी बीडीओ कार्यालय में जमा करनी होगी।
आवेदन रिजेक्ट होने पर क्या करें?
अगर आपके आवेदन का स्टेटस Rejected दिख रहा है या आपको लगता है कि पात्र होने के बावजूद आपका आवेदन अस्वीकार कर दिया गया है, तो आप ये कदम उठा सकते हैं-
बीडीओ कार्यालय में अपील करें
अगर आपको लगता है कि आवेदन किसी प्रशासनिक गलती या दस्तावेजों की कमी के कारण रिजेक्ट हुआ है, तो सबसे पहले अपने जरूरी दस्तावेज तैयार करें। इनमें आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और अपडेटेड बैंक पासबुक शामिल हैं। इसके बाद अपने क्षेत्र के ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस (BDO) में जाकर औपचारिक अपील या दोबारा सत्यापन (Re-verification) का अनुरोध करें।
जनसंपर्क सहायता अभियान का लाभ लें
लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अगस्त महीने में बैठक-ए-अड्डा जैसे जनसंपर्क अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इस दौरान स्थानीय प्रतिनिधि और स्वयंसेवक विभिन्न जिलों में बैठकें और घर-घर जाकर लोगों की सहायता कर रहे हैं। अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम गलती से सूची में शामिल नहीं हुआ है या आवेदन अपलोड नहीं हुआ है, तो ऐसे लोग यहां फॉर्म में सुधार और बीडीओ अधिकारियों से संपर्क करने संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
सरकारी हेल्पलाइन पर शिकायत करें
अगर आपके आवेदन का स्टेटस Approved है, लेकिन महीने के अंत तक भी आपके बैंक खाते में राशि नहीं आती है, तो आप सरकार द्वारा जारी आधिकारिक हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद संबंधित विभाग आपके मामले की जांच कर भुगतान प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।
