Insurance Policy Rider & Its Benefit: अगर आप अपने परिवार को फाइनेंशियल सिक्योरिटी प्रोवाइड करना चाहते हैं, तो आपको फ्यूचर के लिए भी सोचना होगा। लोग अकसर लोग परिवार को सिक्योर करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पैसा कमाने और बचत करने पर ध्यान देते हैं। मगर लाइफ इंश्योरेंस (Life Insurance) पर ध्यान नहीं देते। आपके न होने की स्थिति में आपका परिवार आरामदायक जीवन जी सके और आपके बच्चे अपने सपनों और लक्ष्यों को पूरा कर सकें, उसके लिए लाइफ इंश्योरेंस बहुत जरूरी है। इंश्योरेंस पॉलिसी को आप एक फैक्टर से और बेहतर बना सकते हैं। ये है राइडर। राइडर क्या होते हैं, आगे जानिए।
क्या हैं बीमा पॉलिसी राइडर और इसके फायदे
जानिए राइडर का मतलब
राइडर्स या राइडर बेनेफिट वैकल्पिक और एडिशनल कवर है जो आप अपनी मूल बीमा पॉलिसी के कवरेज को बढ़ाने के लिए अपनी जीवन बीमा पॉलिसी में जोड़ सकते हैं। ये कवर जीवन बीमा पॉलिसियों के साथ पेश किए जाते हैं, लेकिन आपकी पॉलिसी में डिफ़ॉल्ट के तौर पर शामिल नहीं होते। इन्हें आप अपनी आवश्यकताओं के आधार पर अपनी पॉलिसी में जोड़ सकते हैं।
क्या हैं राइडर के फायदे
अतिरिक्त सुरक्षा
हो सकता है कि आपकी बेसिक पॉलिसी की बीमा राशि आपकी इमरजेंसी के हिसाब से उचित न हो। ऐसे में जरूरत के समय आपको लोन लेना पड़ सकता है। इससे बचने के लिए अपनी पॉलिसी में एक या एक से अधिक राइडर्स जोड़ें, जिससे आपको अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी।
कवरेज का दायरा बढ़ेगा
यदि आप एक सिम्पल टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी लेते हैं, तो किफायती प्रीमियम पर उच्च बीमा राशि का लाभ मिल जाएगा। हालाँकि ऐसी टर्म बीमा पॉलिसी लाइफ कवर देती हैं, और लाभ केवल बीमाधारक की मृत्यु पर ही दिया जाता है।
लेकिन आपको कुछ जोखिमों को भी ध्यान में रखना होगा जैसे कि विकलांगता, आपातकालीन स्थिति में अस्पताल में भर्ती होना या कोई बड़ी बीमारी। इन सबके लिए अलग से पॉलिसी में राइडर शामिल करना बेहतर विकल्प है।
टैक्स बेनेफिट
भले ही राइडर प्रीमियम का भुगतान करने का मतलब अतिरिक्त राशि हो, जो आपको खर्च करनी पड़ेगी। मगर आप राइडर प्रीमियम के भुगतान पर टैक्स डिडक्शन का लाभ उठा सकते हैं। दूसरी बात कि राइडर का प्रीमियम बहुत कम होता है।
