Ela Veezha Poonchira: अगर आप हरी-भरी पहाड़ियां, बादलों से ढकी घाटियां और शांत वातावरण की तलाश में हैं तो इस बार केरल की इस अनोखी घाटी की यात्रा का प्लान कर सकते हैं। हम बात कर रहे हैं Ela Veezha Poonchira की जिसके बारे में बेहद कम लोग जानते हैं। भीड़ से दूर यहां आपके सुकून की तलाश पूरी होगी। कोट्टायम जिले में समुद्र तल से करीब 3,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह जगह एकदम निराली है जिसपर मलयालम भाषा में एक फिल्म भी बन चुकी है।
केरल की खूबसूरत घाटी Ela Veezha Poonchira
इला वीजा पूनचिरा की खासियत
मलयालम भाषा में Ela का मतलब होता है पत्ता, Veezha यानी गिरना और Poonchira का मतलब है फूलों से भरी घाटी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यहां की तेज हवाओं के कारण पेड़ों के पत्ते जमीन पर नहीं टिक पाते, इसलिए इस जगह का नाम Ela Veezha Poonchira पड़ा। इस जगह की खास बात यह है कि यहां कोई बड़ी झील या नदी नहीं है, लेकिन मानसून के दौरान चारों तरफ फैली हरियाली और बादलों का नजारा ऐसा होता है जो आपको हैरान कर सकता है।
मानसून में दिखता है सबसे खूबसूरत रूप
अगर आप यहां की असली खूबसूरती देखना चाहते हैं, तो मानसून का मौसम यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा समय माना जाता है। बारिश के बाद पूरी घाटी हरे रंग की चादर ओढ़ लेती है। बादल इतने नीचे आ जाते हैं कि ऐसा लगता है जैसे आप उनके बीच चल रहे हों। हल्की बारिश, ठंडी हवाएं और दूर-दूर तक फैली हरियाली इस जगह को फोटोग्राफी और नेचर लवर्स के लिए परफेक्ट लोकेशन बनाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
ट्रेकिंग और एडवेंचर लवर्स के लिए जन्नत
ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए ये एक शानदार डेस्टिनेशन है। यहां तक पहुंचने के लिए आपको पहाड़ी रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। रास्ते में हर मोड़ पर खूबसूरत घाटियां, चट्टानें और बादलों से ढके पहाड़ आपकी ट्रिप में चार चांद लगा देंगे। यात्रा से पहले जान लें कि मानसून के दौरान रास्ते फिसलन भरे हो सकते हैं, इसलिए अच्छे ग्रिप वाले जूते पहनना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
आसपास की इन जगहों को भी करें एक्सप्लोर
यहां पास में ही मौजूद केरल की कई दूसरी खूबसूरत जगहें जैसे- वागामोन, इलावेझापूंचिरा व्यू पॉइंट, इलिक्कल कल्लू, मारमाला वाटरफॉल और कोट्टायम को भी अपनी ट्रिप में शामिल कर सकते हैं। आप 2 से 3 दिन में इन सभी जगहों को आराम से एक्सप्लोर कर सकते हैं। इससे आपकी केरल ट्रिप और भी यादगार बन जाएगी।
