Norway Glass Train: अगर आप विदेश ट्रिप का प्लान कर रहे हैं और इसबार पहाड़, बीच या झरनों के अलावा कुछ अलग देखना चाहते हैं तो बकेट लिस्ट में नॉर्दर्न लाइट्स (Northern Lights) को शामिल कर सकते हैं। रात के अंधेरे आसमान में हरे, बैंगनी और नीले रंगों की रोशनी जब लहराती है, तो ऐसा लगता है जैसे आसमान खुद कोई शो कर रहा हो। अगर आप इस नजारे को सबसे खास तरीके से देखना चाहते हैं, तो नॉर्वे की पारदर्शी ट्रेन आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है।
पूरी तरह पारदर्शी है यह खास ट्रेन
नॉर्वे के नार्विक (Narvik) से चलने वाली यह ट्रेन खास तौर पर नॉर्दर्न लाइट्स देखने के लिए बनाई गई है। इसके बड़े-बड़े कांच के शीशे यात्रियों को चारों तरफ का साफ नजारा दिखाते हैं। ट्रेन के अंदर बैठे-बैठे ही आप बर्फ से ढके पहाड़, जंगल और आसमान में चमकती नॉर्दर्न लाइट्स का मजा ले सकते हैं।
करीब 3 घंटे की होती है यात्रा
यह ट्रेन हर साल अक्टूबर से मार्च के बीच चलती है, क्योंकि इसी समय नॉर्दर्न लाइट्स देखने की संभावना सबसे ज्यादा होती है। यात्रा करीब 3 घंटे की होती है। रास्ते में ट्रेन अंधेरे और शांत पहाड़ी इलाकों से होकर निकलती है, जिससे रोशनी का नजारा और भी साफ दिखाई देता है।
Katterat स्टेशन पर मिलता है अलग अनुभव
इस सफर का आखिरी पड़ाव Katterat स्टेशन है। यह एक छोटा और दूर-दराज का इलाका है, जहां सड़क से पहुंचना आसान नहीं है। यहां यात्रियों के लिए कैंपफायर (अलाव) जलाया जाता है। गर्म पेय के साथ आग के पास बैठकर नॉर्दर्न लाइट्स देखना इस यात्रा को और भी यादगार बना देता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
टिकट में क्या-क्या मिलता है?
ट्रेन अक्टूबर से दिसंबर के बीच शाम 7 बजे और दिसंबर से मार्च के बीच 7:45 बजे रवाना होती है। एक व्यक्ति का टिकट करीब 1,495 नॉर्वेजियन क्रोन (NOK) यानी लगभग 14,900 रुपये का होता है। इस कीमत में गाइडेड टूर, गर्म पेय, हल्के स्नैक्स और Katterat स्टेशन पर कैंपफायर का अनुभव भी शामिल रहता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मॉनसून में बार-बार चाय पीने से शरीर पर क्या असर पड़ता है, कहीं सेहत को नुकसान तो नहीं पहुंचा रही आपकी ये आदत
अगर ट्रेन का टिकट न मिले तो क्या करें?
अगर आपको इस खास ट्रेन में सीट नहीं मिलती, तो भी चिंता की बात नहीं है। आप Ofoten Line या Nordland Line की दूसरी ट्रेनों से भी सफर कर सकते हैं। हालांकि इन ट्रेनों में पारदर्शी कोच नहीं होते, लेकिन रास्ते में किस्मत अच्छी रही तो सीट से ही नॉर्दर्न लाइट्स देखने का मौका मिल सकता है। याद रखें, शहर की रोशनी से जितना दूर जाएंगे, नॉर्दर्न लाइट्स उतनी ही साफ दिखाई देंगी।
