Himachal Pradesh Less crowded Tourist Places: हिमालय के पश्चिम और देश के उत्तरी हिस्से में बसा हिमाचल प्रदेश पहाड़ों को पसंद करने वाले पर्यटकों को पसंदीदा राज्य है। शिमला, कुल्लू, मनाली, धर्मशाला जैसे प्रसिद्ध और लोकप्रिय जगहों पर लाखों की संख्या में सैलानी आते हैं। ये जगहे इतनी सुंदर हैं भी कि ये इसे डिजर्व करें लेकिन इन जगहों का नाम इतना बड़ा है कि अधिकतर सैलानी बस यहीं तक सीमित रह जाते हैं। हिमाचल की कुछ ऐसी जगहे भी हैं जिनकी खूबसूरती कहीं से कम नहीं हैं लेकिन वो कुल्लू-शिमला जैसी पॉपुलर नहीं हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही जगहों के बारे में।
Hidden Places in Himachal Pradesh
चिटकुल
समुद्र तल से लगभग 3,450 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह अनोखा गांव भारत-तिब्बत सीमा के भारतीय हिस्से में बसी हुई आखिरी बस्ती है। इसे भारत का अंतिम गांव भी कहा जाता है। चिटकुल पारंपरिक हिमाचली जीवनशैली की झलक पेश करता है। लकड़ी के घरों, घुमावदार सड़कों और मनमोहक दृश्यों से भरपूर चिटकुल, सैलानियों और खास तौर पर फोटोग्राफरों के लिए स्वर्ग है। इस गांव में प्राचीन मठी मंदिर भी है, जिसमें जटिल नक्काशी और आसपास के पहाड़ों के शानदार नजारे दर्शाए गए हैं।
तीर्थन घाटी
तीर्थन घाटी हिमाचल के कुल्लू जिले में पड़ता है। ये ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के बीचों-बीच इको बफर जोन है, जो बेहद शांत इलाका है, जहां से चारों तरफ पहाड़ों के मनमोहक नजारे दिखते हैं। इस घाटी का नाम तीर्थन नदी के नाम पर रखा गया है, जो इसके बीच से बहती है और देखने में अद्भुत और मनोरम दिखता है। हरे-भरे जंगल, खूबसूरत पहाड़ियां और शांत वातावरण वाली तीर्थन घाटी प्रकृति प्रेमियों और शांति की तलाश करने वाले लोगों के लिए एक शानदार जगह है।
सांगला घाटी
हिमाचल के किन्नौर जिले में स्थित में सांगला घाटी सच में एक छुपी हुई जगह है। ये 8,900 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और इसे बसपा घाटी के नाम से भी जाना जाता है। हिमालय की गोद में बसी इस घाटी से हिमालय के पहाड़ बहुत सुंदर दिखते हैं। पारंपरिक हिमाचली गांवों वाली सांगला घाटी में उन लोगों को जरूर जाना चाहिए जो बर्फ से ढकी चोटियों, सेब के बागों और पहाड़ी नदियों से आकर्षित होते हैं।
जालोरी दर्रा
हिमालय के सुंदर नजारों वाला जालोरी दर्रा 3,120 मीटर की ऊंचाई पर स्थित एक ट्रेकिंग करने वाले के लिए एक बेहतरीन जगह है। ये हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पड़ता है। बाइकिंग के लिए भी यह शानदार जगह है। यहां की ट्रेकिंग बहुत आसान है और बच्चे और बुजुर्ग भी इसका मजा ले सकते हैं।
