Ladakh Road Trip: भारत के ठंडे रेगिस्तान कहे जाने वाले लद्दाख में प्राकृतिक खूबसूरती की कोई कमी नहीं है, लेकिन यहां मौजूद एक रहस्यमयी जगह लोगों को हैरान कर देती है। जी हां लद्दाख की पहाड़ों में मौजूद मैग्नेटिक हिल (Magnetic Hill Ladakh) लेह से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित एक ऐसी सड़क है जहां गाड़ियां बिना इंजन के खुद-ब-खुद पहाड़ी की ओर चढ़ती नजर आती हैं। पहली बार देखने पर यह नजारा किसी जादू से कम नहीं लगता। यदि आप जल्दी लद्दाख घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको एक बार यहां जरूर जाना चाहिए।
लद्दाख की जादूई सड़क
क्या है मैग्नेटिक हिल का रहस्य?
जब आप लद्दाख के मैगनेटिक हिल पर अपनी गाड़ी न्यूट्रल में खड़ी करते हैं, तो वह धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ने लगती है। आमतौर पर हम जानते हैं कि गुरुत्वाकर्षण के कारण चीजें नीचे की ओर खिंचती हैं, लेकिन यहां मानो यह नियम उल्टा काम करता दिखाई देता है। यही वजह है कि इस जगह को लेकर कई कहानियां और मिथक भी प्रचलित हैं।
क्या सच में काम नहीं करता ग्रेविटी?
जी हां लद्दाख की मैगनेटिक हिल्स पर जाकर यह सवाल अक्सर लोगों के दिमाग में घूमता है। लेकिन इस सवाल का जवाब थोड़ा चौंकाने वाला है। दरअसल, यहां गुरुत्वाकर्षण का नियम पूरी तरह से लागू होता है, लेकिन हमारी आंखें हमें धोखा दे जाती हैं। इसे वैज्ञानिक भाषा में ‘ऑप्टिकल इल्यूजन’ यानी दृष्टि भ्रम कहा जाता है। आसपास के पहाड़ों और क्षितिज की बनावट ऐसी है कि जो सड़क नीचे की ओर ढलान में होती है, वह हमें ऊपर की ओर चढ़ाई जैसी लगती है।
यानी जब गाड़ी न्यूट्रल में चलती है, तो वह वास्तव में नीचे की ओर जा रही होती है, लेकिन हमें ऐसा लगता है जैसे वह ऊपर चढ़ रही है। यह भ्रम इतना सटीक होता है कि पहली बार आने वाले पर्यटक हैरान रह जाते हैं।
सैलानियों के लिए रोमांच का केंद्र
लेह आने वाले लगभग हर पर्यटक की बकेट लिस्ट में मैग्नेटिक हिल जरूर शामिल होती है। यहां लोग खुद इस अनुभव को आजमाने के लिए गाड़ी रोकते हैं और वीडियो बनाते हैं। खास बात यह है कि यह जगह लेह-कारगिल रोड पर स्थित है, जिससे यहां पहुंचना भी काफी आसान है।
देखने मिलेंगे शानदार नजारे
अगर आप एडवेंचर और अनोखे अनुभवों के शौकीन हैं, तो मैग्नेटिक हिल आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहां न सिर्फ आपको एक अलग तरह का रोमांच मिलेगा, बल्कि लद्दाख की शानदार वादियों का आनंद भी मिलेगा। नीले आसमान, बंजर पहाड़ और शांत वातावरण इस अनुभव को और भी खास बना देते हैं।
