Worlds Top Highest Village In Himachal: अगर आपसे कोई पूछे कि धरती पर स्वर्ग कहां है, तो शायद आपका जवाब होगा - हिमाचल प्रदेश। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि हिमाचल में ही बसा है दुनिआ का सबसे ऊंचा गांव 'कोमिक गांव' (Komic Village), जहां लोग बादलों के बीच रहते हैं, और आसमान इतना करीब लगता है कि बस हाथ बढ़ाओ और छू लो। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती, शांति और सुकून देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है। कोमिक की हर गली, हर पहाड़ी और हर मुस्कान में बसता है एक अलग ही जादू।
Worlds Top Highest Village In Himachal
15,000 फीट की ऊंचाई पर बसा गांव
हिमाचल प्रदेश की स्पीति वैली में बसा कोमिक गांव समुद्र तल से करीब 15,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यह न सिर्फ भारत का बल्कि दुनिया का भी सबसे ऊंचा गांव है, जहां अब भी लोग स्थायी रूप से रहते हैं। इतनी ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी और ठंड के बावजूद यहां के लोगों का जीवन सरल, सुकूनभरा और प्रकृति से गहराई से जुड़ा हुआ है।
छोटे-छोटे घर और बड़े दिल वाले लोग
कोमिक गांव की सबसे प्यारी बात है यहां के लोग। मिट्टी और पत्थर से बने छोटे-छोटे घर, जिन पर तिब्बती आर्ट और रंगीन झंडे लहराते हैं। यहां के लोग बेहद मिलनसार और दिल के साफ होते हैं। हर आने वाले यात्री का मुस्कान से स्वागत करते हैं। आप अगर यहां कुछ दिन भी रहें, तो महसूस करेंगे कि असली 'लक्जरी' तो सादगी में छिपी है।
सदियों पुराना बौद्ध मठ
कोमिक का सबसे प्रसिद्ध स्थल है इसका बौद्ध मठ (Komic Monastery), जो करीब 14वीं सदी में बना था। यह मठ तिब्बती संस्कृति और वास्तुकला का शानदार उदाहरण है। कहते हैं कि यहां के भिक्षु बर्फीली हवाओं में भी ध्यान लगाते हैं। मठ की शांति और आध्यात्मिकता ऐसा एहसास देती है जैसे वक्त थम गया हो।
बादलों के बीच सैर और बर्फीले नजारे
कोमिक गांव की खासियत है इसका मौसम और नजारे। यहां कभी बादल आपके दरवाजे तक आते हैं, तो कभी चारों ओर बर्फ की चादर बिछ जाती है। नीले आसमान के नीचे सफेद चोटियों को देखकर लगता है मानो आप किसी पोस्टकार्ड में आ गए हों। सूर्योदय और सूर्यास्त के नजारे यहां के सबसे खूबसूरत पल होते हैं, जिन्हें देखने के लिए कई फोटोग्राफर और ट्रैवलर दुनिया भर से आते हैं।
कैसे पहुंचे कोमिक गांव
कोमिक गांव पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी बड़ा शहर है काजा, जो स्पीति घाटी का मुख्य केंद्र है। काजा से कोमिक की दूरी करीब 19 किलोमीटर है। यहां तक पहुंचने के लिए टैक्सी या बाइक से यात्रा की जा सकती है। रास्ता ऊबड़-खाबड़ जरूर है, लेकिन हर मोड़ पर मिलने वाले नजारे इस सफर को यादगार बना देते हैं।
दिल छू लेने वाली जगह एक बार जरूर देखें
कोमिक गांव सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक अनुभव है। यहां का हर पल सिखाता है कि खुशी शहरों की भागदौड़ में नहीं, बल्कि सादगी और प्रकृति के करीब जीने में है। अगर आप भी इस दिवाली या किसी लंबी छुट्टी में खुद से दोबारा जुड़ना चाहते हैं, तो हिमाचल के इस सबसे ऊंचे गांव की सैर जरूर करें।
