IRCTC FTR Service: आपके मन में कभी न कभी ये सवाल जरूर आया होगा कि क्या पूरी ट्रेन बुक की जा सकती है? इसका जवाब है-हां। ट्रेन की पूरी बोगी ही नहीं आप पूरी ट्रेन भी बुक कर सकते हैं इंडियन रेलवे की Full Tariff Rate (FTR) सर्विस के जरिए आप ऐसा कर सकते हैं। यह सुविधा खासतौर पर शादी, धार्मिक यात्रा, स्कूल-कॉलेज टूर, कॉर्पोरेट ट्रिप या बड़े ग्रुप के लिए बेहद काम की है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि FTR सर्विस क्या है, कौन इसका फायदा उठा सकता है और बुकिंग कैसे होती है।
FTR सर्विस क्या है?
FTR यानी Full Tariff Rate भारतीय रेलवे की एक खास सुविधा है। इसके तहत कोई भी बड़ा ग्रुप अपनी यात्रा के लिए पूरी ट्रेन या एक या उससे ज्यादा कोच बुक कर सकता है। सामान्य ट्रेन टिकट की तरह इसमें अलग-अलग यात्रियों को सीट नहीं दी जाती, बल्कि पूरा कोच या पूरी ट्रेन आपके ग्रुप के लिए रिजर्व रहती है। अगर आप किसी शादी में बारात लेकर जा रहे हैं, धार्मिक यात्रा पर सैकड़ों लोगों के साथ निकल रहे हैं या किसी संस्थान का बड़ा टूर प्लान कर रहे हैं, तो यह सुविधा काफी सुविधाजनक साबित हो सकती है।
FTR बुकिंग कैसे करें?
FTR बुकिंग यात्रा की तारीख से 6 महीने पहले तक कराई जा सकती है। वहीं आवेदन कम से कम 30 दिन पहले करना होता है। IRCTC की FTR सेवा के तहत आपको आवेदन करना होता है। इसमें यात्रा की तारीख, रूट, यात्रियों की संख्या और कितने कोच या पूरी ट्रेन चाहिए, इसकी जानकारी देनी होती है।
इसके बाद रेलवे आपकी मांग, रूट की उपलब्धता और संचालन संबंधी सभी पहलुओं की जांच करता है। मंजूरी मिलने के बाद ही आपकी बुकिंग कन्फर्म होती है।
कितना आता है खर्च और क्या मिलती है रिफंड सुविधा?
FTR सर्विस का खर्च यात्रा की दूरी, कोचों की संख्या और ट्रेन की अवधि के अनुसार तय होती है। खबरों की मानें तो प्रति कोच रजिस्ट्रेशन शुल्क 50,000 रुपये से शुरू होता है। अंतिम किराया रेलवे के नियमों और यात्रा की डिटेल्स के आधार पर तय किया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
अगर किसी कारण से यात्रा रद्द करनी पड़ जाए, तो रिफंड भी रेलवे के तय नियमों के अनुसार दिया जाता है। इसलिए बुकिंग से पहले रद्दीकरण की शर्तों को अच्छी तरह पढ़ लेना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
जान लें कैसे करता है काम
FTR योजना में आपको दो विकल्प मिलते हैं। पहला, आप पूरी ट्रेन बुक कर सकते हैं और दूसरा, जरूरत के अनुसार सिर्फ एक या कुछ कोच भी रिजर्व कर सकते हैं। भारतीय रेलवे के नियमों के अनुसार, एक FTR ट्रेन में अधिकतम 24 कोच हो सकते हैं, जिनमें दो SLR (गार्ड और लगेज) कोच भी शामिल रहते हैं।
