यात्रा

IRCTC: गंगासागर स्नान से लेकर कोणार्क मंदिर तक, एक यात्रा में 6 बड़े तीर्थों के दर्शन

IRCTC: आपके पास काशी, पुरी, गंगासागर, कोलकाता और बैद्यनाथ धाम की शानदार धार्मिक यात्रा करने का सुनहरा मौका है। 11 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है।

Image

एक यात्रा में 6 बड़े तीर्थों के दर्शन (canva)

IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने DIVINE EAST TEMPLE TOUR नाम से नया और बेहद आकर्षक टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस पैकेज के तहत 11 दिन में काशी, पुरी, गंगासागर, कोलकाता और बैद्यनाथ धाम की शानदार धार्मिक यात्रा करने का आपको मौका मिल रहा है। 25 सितंबर 2026 दिल्ली से यात्रा की शुरुआत होगी। शाम 5:30 बजे तक सभी यात्रियों को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा। रात 6:30 बजे भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन बनारस के लिए रवाना होगी।

वाराणसी दर्शन और गंगा आरती

दूसरे दिन बनारस पहुंचने के बाद होटल में चेक-इन और दोपहर का भोजन कराया जाएगा। इसके बाद वाराणसी के प्रसिद्ध घाटों की सैर कराई जाएगी। शाम को नाव की सवारी का आनंद लेने के साथ भव्य गंगा आरती देखने का मौका मिलेगा। रात का खाना और ठहरने की व्यवस्था होटल में रहेगी।

काशी विश्वनाथ के दर्शन, फिर पुरी के लिए रवाना

तीसरे दिन सुबह-सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर और कॉरिडोर के दर्शन कराए जाएंगे। होटल लौटकर नाश्ता करने के बाद चेक-आउट होगा। इसके बाद बनारस रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे ट्रेन पुरी (मालतीपटपुर) के लिए रवाना होगी। दोपहर का भोजन, शाम की चाय और रात का खाना ट्रेन में मिलेगा। रात ट्रेन में बिताई जाएगी।

भगवान जगन्नाथ के दर्शन

चौथे दिन सुबह चाय और नाश्ते के बाद ट्रेन मालतीपटपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां से होटल में चेक-इन कराया जाएगा। इसके बाद भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। शाम को आप अपनी मर्जी से पुरी बीच पर घूम सकते हैं और स्थानीय बाजार में खरीदारी कर सकते हैं। रात का ठहराव पुरी में होगा।

चिल्का झील और कोणार्क सूर्य मंदिर

पाचंवे दिन नाश्ते के बाद चिल्का झील के सतपाड़ा क्षेत्र ले जाया जाएगा। यहां चाहें तो अतिरिक्त शुल्क देकर नाव की सवारी कर सकते हैं और दुर्लभ इरावदी डॉल्फिन देख सकते हैं। दोपहर के भोजन के बाद विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर और चंद्रभागा बीच की सैर कराई जाएगी। शाम को वापस पुरी लौटेंगे। आगे की यात्रा भी आपकी बेहद खास और स्पेशल रहने वाली है।

खर्चा और बुकिंग से रिलेटेड जानकारी

कंफर्ट 3AC में सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 1,10,155 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: 91,370 और 88,685 रुपए तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 81,930 रुपए है। इस पैकेज का कोड- CDBG42 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप- 8287930032, 8287930484 इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article