यात्रा

बिहार हेली टूरिज्म कब से शुरू होगा, कहां घूम सकेंगे, कैसे कराएं बुकिंग

Bihar Heli Tourism: अब आपको बिहार में हवाई सफर के साथ घूमने का नया अनुभव मिलने वाला है। हेली टूरिज्म शुरू होने से पर्यटक कम समय में राज्य की खूबसूरत जगहों को देख सकेंगे।

Image

बिहार हेली टूरिज्म

Bihar Heli Tourism: बिहार के खूबसूरत स्थल पर्यटकों को हमेशा से आकर्षित करते रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी बिहार की यात्रा का प्लान कर रहे हैं तो जान लें कि अब आपके लिए बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर करना और भी आसान होने वाला है। राज्य सरकार द्वारा हेली टूरिज्म की शुरुआत की गई है जिसके तहत पर्यटक हेलीकॉप्टर से बिहार के धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकेंगे। इस योजना का मकसद बिहार के पर्यटन स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ना और पर्यटकों को एक नया अनुभव देना है।

बिहार में हेली टूरिज्म सेवा कब से शुरू होगी?

पर्यटक इस खास हवाई सफर का आनंद 18 जुलाई से ले सकेंगे जिसकी ऑनलाइन बुकिंग 13 जुलाई यानि आज से शुरू हो रही है। शुरुआत में यह सेवा हर शनिवार और रविवार को उपलब्ध होगी। इस योजना को बिहार पर्यटन विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग मिलकर चला रहे हैं।

किन जगहों की कर सकेंगे सैर

हेली टूरिज्म के पहले चरण में बिहार के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों- नालंदा का राजगीर, चंपारण का वाल्मीकिनगर और मां मुंडेश्वरी मंदिर, कैमूर को शामिल किया गया है। पर्यटक पटना से हेलीकॉप्टर के जरिए इन जगहों तक जा सकेंगे। खासकर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर और ऐतिहासिक राजगीर को जोड़ा गया है। वहीं, वाल्मीकिनगर के जंगल और प्राकृतिक सुंदरता को देखने का भी मौका मिलेगा। पहले इन जगहों पर जाने के लिए काफी टाइम की जरूरत होती है ऐसे में पर्यटक इन जगहों को कम समय में एक्सप्लोर नहीं कर पाते थे। लेकिन, अब इस सेवा के आ जाने के बाद पर्यटकों का समय तो बचेगा ही साथ ही उनका बजट भी सुरक्षित रहेगा।

बुकिंग और खर्चे से रिलेटेड जानकारी

बिहार पर्यटन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in पर जाकर आप बुकिंग कर सकते हैं और इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। पटना-वाल्मीकिनगर-पटना रूट के लिए किराया- 5000 रुपए, पटना-राजगीर-पटना के लिए किराया- 4000 रुपए, पटना-कैमूर-पटना रूट के लिए किराया- 6000 रुपए और पटना जॉय राइडिंग (10 मिनट) के लिए किराया 2100 रुपए तय किया गया है। बता दें कि बिहार सरकार इस सेवा को किफायती बनाने के लिए प्रति टिकट ₹15,422 तक की सब्सिडी दे रही है।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article