यात्रा

कभी था सुकून का ठिकाना, जानें आज क्यों दुनियाभर के यात्रियों को आकर्षित कर रहा है क्वेश्म आइलैंड

Adventure Travel: बदलते हालात के बावजूद क्वेश्म आइलैंड की प्राकृतिक खूबसूरती के बारे में आपको जरूर जानना चाहिए। यहां का समुद्र, चट्टानें, गुफाएं, मैंग्रोव जंगल और शांत वातावरण इसे अनोखे द्वीपों में शामिल करता है।

Image

क्वेश्म आइलैंड (फोटो: pinterest)

Adventure Travel: यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में अगर आप हैं तो आपको क्वेश्म आइलैंड (Qeshm Island) के बारे में जरूर जानना चाहिए। ईरान की फारसी खाड़ी में बसा क्वेश्म आइलैंड अनोखे भू-आकृतियों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। लेकिन पिछले कुछ समय से यह द्वीप पर्यटन की वजह से नहीं, बल्कि अपनी रणनीतिक अहमियत और क्षेत्रीय तनाव के कारण सुर्खियों में रहा है। आपको ये जानना चाहिए कि एक समय जो जगह इको-टूरिज्म और नेचर लवर्स की पसंद थी, आज उसी द्वीप का नाम वैश्विक खबरों में अलग वजहों से लिया जा रहा है। अगर आप इस अनोखी जगह के बारे में जानना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं कि आखिर क्वेश्म आइलैंड क्यों इतना खास है।

क्यों है इतना खास

क्वेश्म आइलैंड फारसी खाड़ी में स्थित ईरान का सबसे बड़ा द्वीप है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन है। यह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के पास स्थित है, जहां से दुनिया के तेल का बड़ा हिस्सा समुद्री रास्ते से गुजरता है। इसी वजह से यह द्वीप लंबे समय से रणनीतिक नजरिए से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। हालांकि, ट्रैवलर्स के लिए इसकी पहचान बिल्कुल अलग रही है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, समुद्र के शानदार नजारे और अनोखी चट्टानी संरचनाएं इसे ईरान की सबसे खूबसूरत डेस्टिनेशन में शामिल करती हैं।

स्टार्स वैली और नमक की गुफाएं हैं सबसे बड़ा आकर्षण

अगर इस आईलैंड की बात हो और वैली ऑफ स्टार्स का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। लाखों साल पहले हवा और बारिश से बनी यह घाटी किसी दूसरी दुनिया जैसी दिखाई देती है। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का नजारा बेहद शानदार लगता है। इसके अलावा यहां मौजूद Salt Cave दुनिया की सबसे लंबी नमक की गुफाओं में गिनी जाती है। गुफा के अंदर नमक की चमकती दीवारें और प्राकृतिक आकृतियां पर्यटकों को काफी आकर्षित करती रही हैं। द्वीप पर फैले मैंग्रोव जंगल भी बोट राइड और बर्ड वॉचिंग के लिए काफी लोकप्रिय हैं।

अब पर्यटन नहीं, सुरक्षा को लेकर हो रही है चर्चा

हाल के वर्षों में इस आईलैंड का नाम अंतरराष्ट्रीय खबरों में इसलिए आने लगा क्योंकि यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से काफी संवेदनशील माना जाता है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस इलाके में सैन्य गतिविधियां बढ़ी हैं और ईरान ने यहां भूमिगत सैन्य ढांचे भी विकसित किए हैं। इसी वजह से अब यह द्वीप सिर्फ एक खूबसूरत ट्रैवल डेस्टिनेशन नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीति और सुरक्षा चर्चाओं का भी हिस्सा बन चुका है।

क्या अभी Qeshm Island घूमने जाना सही रहेगा?

अगर आप विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो किसी भी ऐसे देश या क्षेत्र में जाने से पहले वहां की सरकारी ट्रैवल एडवाइजरी, स्थानीय सुरक्षा स्थिति और मौजूदा हालात की जानकारी जरूर लें। जहां पहले क्वेश्म आइलैंड इको-टूरिज्म के लिए जाना जाता था, वहीं मौजूदा हालात में यात्रा की योजना बनाने से पहले अपडेटेड जानकारी लेना बेहद जरूरी है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article