WhatsApp दुनियाभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाला इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप्लिकेशन बन चुका है। हर दिन करोड़ों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। अपने यूजर्स की सहूलियत के लिए वॉट्सऐप कई तरह के फीचर्स देता है। अगर आप अपना पुराना मोबाइल नंबर बंद करके नया नंबर इस्तेमाल करने वाले हैं, तो WhatsApp में भी नंबर अपडेट करना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि WhatsApp में इसके लिए अलग से Change Number फीचर मिलता है। इसकी मदद से आप अपना मौजूदा अकाउंट नए मोबाइल नंबर से जोड़ सकते हैं।
वॉट्सऐप में मोबाइल नंबर बदलने के दौरान आपको कुछ बातों का खासतौर पर ध्यान रखने की जरूरत। (फोटो क्रेडिट-Digit)
लेकिन नंबर बदलने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। खासकर अगर आपके WhatsApp में पुरानी चैट, फोटो, वीडियो और जरूरी डॉक्यूमेंट सेव हैं, तो थोड़ी सी लापरवाही परेशानी पैदा कर सकती है। इसलिए नंबर बदलने से पहले इन पांच बातों को जरूर समझ लें।
पुराना और नया, दोनों मोबाइल नंबर चेक करें
WhatsApp में नंबर बदलने का प्रॉसेस शुरू करने से पहले यह देख लें कि आपका पुराना नंबर उसी अकाउंट में रजिस्टर्ड है, जिसे आप इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके लिए WhatsApp की Settings में जाकर अपनी प्रोफाइल खोलें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर चेक करें।
इसके बाद नए नंबर की भी जांच कर लें। नया नंबर चालू होना चाहिए और उस पर SMS या फोन कॉल आनी चाहिए, क्योंकि प्रॉसेस पूरा करने के लिए आपको नए नंबर का वेरिफिकेशन करना होगा। इसलिए नया SIM लेने के बाद जल्दबाजी न करें। पहले यह सुनिश्चित कर लें कि नया नंबर सही तरीके से काम कर रहा है।
WhatsApp Web या Desktop से नहीं बदल पाएंगे नंबर
अगर आप अपने कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp चलाते हैं, तो एक बात ध्यान रखें। मोबाइल नंबर बदलने के लिए WhatsApp Web या Desktop पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके लिए आपको अपने फोन में WhatsApp खोलना होगा और वहीं से Change Number फीचर का इस्तेमाल करना होगा। इसलिए नंबर बदलने से पहले अपना फोन पास रखें।
पुरानी चैट और जरूरी फाइलों का बैकअप जरूर लें
WhatsApp में कई बार ऐसी चैट और फाइलें होती हैं, जिन्हें बाद में दोबारा इस्तेमाल करना पड़ सकता है। इनमें जरूरी मैसेज, फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट हो सकते हैं। इसलिए नंबर बदलने से पहले अपनी चैट का बैकअप चेक करना चाहिए। अगर आप उसी फोन पर नंबर बदल रहे हैं, तो भी बैकअप रखना अच्छा रहेगा। वहीं, अगर आप नंबर के साथ फोन भी बदल रहे हैं, तो बैकअप और चैट ट्रांसफर की प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा करना जरूरी है।
Android फोन में आमतौर पर Google Account और iPhone में iCloud के जरिए चैट बैकअप लिया जा सकता है। बैकअप लेने के लिए WhatsApp की Settings में जाकर Chats और फिर Chat Backup का ऑप्शन खोलें। बैकअप पूरा होने का कंफर्मेशन भी ले लें, ताकि जरूरत पड़ने पर अपनी पुरानी चैट वापस पा सकें।
नंबर के साथ फोन भी बदल रहे हैं, तो सही स्टेप्स फॉलो करें
अगर आप सिर्फ मोबाइल नंबर बदल रहे हैं और फोन वही रख रहे हैं, तो प्रक्रिया आसान रहती है। लेकिन अगर आप नया फोन भी खरीद रहे हैं, तो कुछ अतिरिक्त बातों का ध्यान रखना होगा।
ऐसी स्थिति में इन स्टेप्स को फॉलो करें:
- सबसे पहले पुराने फोन में WhatsApp खोलकर Change Number फीचर से अपना अकाउंट नए नंबर पर शिफ्ट करें।
- इसके बाद चैट बैकअप लें या WhatsApp के उपलब्ध चैट ट्रांसफर विकल्प का इस्तेमाल करें।
- नए फोन में WhatsApp इंस्टॉल करें।
- नए नंबर को वेरिफाई करें।
- सेटअप के दौरान उपलब्ध बैकअप को रिस्टोर करें या चुनी गई ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी करें।
ध्यान रखें कि नए फोन पर चैट वापस पाने के लिए सही बैकअप अकाउंट और नंबर का इस्तेमाल करना जरूरी है। इसलिए पुराना फोन रीसेट करने या WhatsApp हटाने से पहले यह पक्का कर लें कि आपकी जरूरी चैट सुरक्षित हैं।
WhatsApp ग्रुप में जा सकती है जानकारी
अगर आप चाहते हैं कि आपका नया नंबर हर कॉन्टैक्ट को पता न चले, तो नंबर बदलते समय Notify Contacts के ऑप्शन पर ध्यान दें। WhatsApp में नंबर बदलने की प्रॉसेस के दौरान आप चुन सकते हैं कि किन कॉन्टैक्ट्स को इस चेंज की इंफॉर्मेशन देनी है। हालांकि, ग्रुप चैट में नंबर बदलने की सूचना दी जा सकती है, भले ही आप अलग से कॉन्टैक्ट्स को नोटिफाई करने का विकल्प बंद कर दें।
इसलिए अगर आप किसी खास व्यक्ति से अपना नया नंबर छिपाकर रखना चाहते हैं, तो यह समझ लें कि आपके साथ मौजूद WhatsApp ग्रुप्स में नंबर बदलने की जानकारी पहुंच सकती है।
WhatsApp पर मोबाइल नंबर कैसे बदलें?
अगर आपने ऊपर बताई गई सभी बातों का ध्यान रख लिया है, तो अब WhatsApp में नंबर बदलने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें।
- अपने फोन में WhatsApp खोलें।
- Settings में जाएं।
- Account के विकल्प पर टैप करें।
- Change Number का विकल्प चुनें।
- Next पर टैप करें।
- पहले बॉक्स में पुराना मोबाइल नंबर और दूसरे बॉक्स में नया नंबर दर्ज करें।
- दोनों नंबर सही होने की जांच करने के बाद Next पर टैप करें।
- अगर कॉन्टैक्ट्स को सूचना देने का विकल्प दिखाई देता है, तो अपनी जरूरत के अनुसार उसे चुनें।
- Done पर टैप करें और नए नंबर पर आए वेरिफिकेशन कोड के जरिए प्रक्रिया पूरी करें।
- नंबर दर्ज करते समय सही देश का कोड चुनना न भूलें।
