Meta जल्द ही WhatsApp पर लंबे समय से चर्चा में रहे Username फीचर को लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने फिलहाल यूजर्स के लिए Username Reservation शुरू कर दिया है, ताकि लोग पहले से अपना पसंदीदा यूजरनेम सुरक्षित कर सकें, लेकिन लॉन्चिंग से पहले इस फीचर को लेकर विवाद हो गया है। भारत सरकार ने इसके रोलआउट पर पाबंदी लगा दी है और तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है। अब फीचर के आधिकारिक रोलआउट से पहले Meta ने इससे जुड़े 7 अहम सवालों के जवाब दिए हैं। आइए जानते हैं....
Username विवाद पर आया WhatsApp का बयान
1. क्या Username रखना जरूरी होगा?
Meta के मुताबिक, WhatsApp पर Username रखना पूरी तरह वैकल्पिक (Optional) होगा। यानी यूजर चाहें तो बिना Username के भी ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे।
2. मनचाहा Username क्यों नहीं मिल सकता?
अगर आपका पसंदीदा Username उपलब्ध नहीं है, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। वह पहले से Instagram या Facebook पर किसी यूजर का Username हो। किसी प्रसिद्ध व्यक्ति, सेलिब्रिटी, सरकारी संस्था या Meta Verified अकाउंट से जुड़े नाम और उनके कई वेरिएशन सुरक्षित रखे गए हों। कोई अन्य यूजर पहले ही वह सामान्य (Common) Username रिजर्व कर चुका हो। ऐसे में WhatsApp का Username Generator वैकल्पिक सुझाव देगा।
3. फर्जी अकाउंट और स्कैम से कैसे मिलेगी सुरक्षा?
Meta का कहना है कि फिलहाल Username के जरिए मैसेज भेजने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जब यह फीचर शुरू होगा, तब किसी नए व्यक्ति का मैसेज मिलने पर यूजर को उसके देश की जानकारी, पहली बार संपर्क करने का अलर्ट और अन्य सुरक्षा संकेत दिखाई देंगे। इसके अलावा कंपनी ब्लॉक और रिपोर्ट किए गए अकाउंट्स पर लगातार निगरानी रखेगी, ताकि फर्जीवाड़े और स्कैम पर रोक लगाई जा सके।
4. क्या कोई भी Username जानकर मैसेज कर सकेगा?
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि WhatsApp पर Username सर्च नहीं किया जा सकेगा, ठीक वैसे ही जैसे वर्तमान में किसी फोन नंबर को सीधे खोजा नहीं जा सकता। Meta का कहना है कि अनचाहे संपर्क से बचने के लिए यूजर्स को ऐसा Username चुनना चाहिए जो यूनिक हो। साथ ही, ऐप में पहले से मौजूद सुरक्षा फीचर्स जैसे अज्ञात मैसेज भेजने वालों की जानकारी, ब्लॉक और रिपोर्ट विकल्प पहले की तरह उपलब्ध रहेंगे।
5. क्या है Username Key?
Meta ने Username के साथ Username Key नाम का एक अतिरिक्त सुरक्षा फीचर भी पेश किया है। यदि कोई यूजर इसे सक्षम करता है, तो उससे संपर्क करने के लिए सामने वाले व्यक्ति को केवल Username ही नहीं, बल्कि Username Key भी पता होना जरूरी होगा। यूजर किसी भी समय अपनी Key बदल सकता है, जिससे पुराने Key के जरिए नया संपर्क नहीं हो पाएगा।
6. क्या Instagram और Facebook अकाउंट लिंक करना होगा?
अगर कोई यूजर WhatsApp पर वही Username चाहता है जो उसके Instagram या Facebook अकाउंट पर पहले से मौजूद है, तो उसे उन अकाउंट्स को लिंक करना होगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि संबंधित Username का वास्तविक मालिक वही है, हालांकि सत्यापन के बाद यूजर चाहें तो उन अकाउंट्स को अनलिंक भी कर सकते हैं या WhatsApp के लिए अलग Username चुन सकते हैं।
7. क्या बाद में Username बदला जा सकेगा?
Meta के अनुसार, यूजर भविष्य में अपना Username बदल सकेंगे, बशर्ते नया Username उपलब्ध हो।
फर्जी दावों से सावधान रहने की सलाह
Meta ने यह भी चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग लोकप्रिय या प्रसिद्ध नामों वाले Username रिजर्व कराने का दावा कर रहे हैं, जबकि ऐसा संभव नहीं है। ऐसे सभी प्रसिद्ध नाम केवल उनके वास्तविक और वेरिफाईड लोग ही रिजर्व कर सकते हैं।
कब मिलेगा यह फीचर?
कंपनी ने बताया कि Username Reservation अभी शुरू किया गया है, जबकि Username फीचर को इस साल के अंत तक चरणबद्ध तरीके से WhatsApp यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा। Meta का कहना है कि वह यूजर्स की प्रतिक्रिया के आधार पर इस फीचर को बेहतर बनाकर लॉन्च करना चाहता है।
