WhatsApp यूजर्स की प्राइवेसी और अकाउंट सिक्योरिटी को मजबूत करने के लिए एक नए फीचर पर काम कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, Meta के स्वामित्व वाला मैसेजिंग प्लेटफॉर्म अनऑफिशियल या थर्ड-पार्टी WhatsApp Web क्लाइंट से अकाउंट कनेक्ट करने वाले Android यूजर्स को चेतावनी दिखा सकता है। यह अलर्ट यूजर्स को अनधिकृत क्लाइंट से हटकर आधिकारिक WhatsApp Web इस्तेमाल करने की सलाह देगा।
अनऑफिशियल क्लाइंट क्यों हो सकते हैं खतरनाक?
Linked Devices में दिखाई देगा नया अलर्ट
WhatsApp के फीचर ट्रैकर WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी इस नए फीचर की टेस्टिंग कर रही है। अगर कोई यूजर किसी थर्ड-पार्टी या अनऑफिशियल WhatsApp Web क्लाइंट के जरिए अपना अकाउंट कनेक्ट करता है, तो उसे Linked Devices सेक्शन में चेतावनी दिखाई दे सकती है।
रिपोर्ट में शेयर किए गए स्क्रीनशॉट के मुताबिक, यह चेतावनी स्क्रीन के निचले हिस्से में दिखाई देगी। इसमें यूजर्स को अकाउंट की सुरक्षा बनाए रखने के लिए आधिकारिक WhatsApp Web क्लाइंट पर स्विच करने के लिए कहा जाएगा। हालांकि, यूजर इस चेतावनी को हटाकर आगे भी बढ़ सकता है।
अनऑफिशियल क्लाइंट क्यों हो सकते हैं खतरनाक?
थर्ड-पार्टी या अनऑफिशियल WhatsApp Web क्लाइंट यूजर्स की प्राइवेसी के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं। ऐसे क्लाइंट के जरिए मैसेज, फाइल या अन्य निजी जानकारी थर्ड-पार्टी सॉफ्टवेयर तक पहुंचने का खतरा हो सकता है। यही वजह है कि WhatsApp यूजर्स को आधिकारिक वेब क्लाइंट का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। यूजर्स WhatsApp Web की आधिकारिक सेवा का इस्तेमाल Web.whatsapp.com के जरिए कर सकते हैं। आधिकारिक WhatsApp Web पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुविधा भी उपलब्ध है।
WhatsApp Scam Alert फीचर पर भी कर रहा काम
WhatsApp हाल ही में एक नए Scam Alert फीचर का प्रीव्यू भी दे चुका है। इसका उद्देश्य संभावित स्कैम मैसेज को पहचानकर यूजर्स को सावधान करना है। यह फीचर डिवाइस पर मौजूद मशीन लर्निंग मॉडल की मदद से संभावित संदिग्ध मैसेज की पहचान करेगा और चैट में चेतावनी दिखा सकता है।
अगर किसी चैट पर चेतावनी दिखाई जाती है, तो यूजर के पास उसे ब्लॉक और रिपोर्ट करने का विकल्प होगा। वहीं, अगर यूजर को लगता है कि चेतावनी गलत है, तो वह उसे नजरअंदाज करके बातचीत जारी रख सकता है। फिलहाल यह फीचर बीटा टेस्टिंग में बताया जा रहा है।
