अगर आप नया घर, फ्लैट, ऑफिस या कोई दूसरी प्रॉपर्टी खरीदने या किराये पर लेने जा रहे हैं, तो अब सिर्फ लोकेशन, कीमत और सुविधाएं ही नहीं, बल्कि वहां मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी भी पहले से चेक कर सकेंगे। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने गुरुवार को Digital Connectivity Rating (DCR) Platform लॉन्च किया है। इसके जरिए किसी प्रॉपर्टी की डिजिटल कनेक्टिविटी की स्थिति और तैयारी के बारे में जानकारी हासिल की जा सकेगी।
प्रॉपर्टी की डिजिटल कनेक्टिविटी को मिलेगी रेटिंग/Photo-AI
प्रॉपर्टी की डिजिटल कनेक्टिविटी को मिलेगी रेटिंग
DCR के तहत किसी प्रॉपर्टी को उसकी डिजिटल कनेक्टिविटी की तैयारी के आधार पर रेटिंग दी जाएगी। इसमें बिल्डिंग तक फाइबर कनेक्टिविटी, इमारत के अंदर मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता, इन-बिल्डिंग मोबाइल सॉल्यूशन और Wi-Fi इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे पहलुओं को देखा जाएगा। यानी खरीदार या किरायेदार को यह समझने में मदद मिलेगी कि संबंधित प्रॉपर्टी में इंटरनेट और मोबाइल कनेक्टिविटी का इंफ्रास्ट्रक्चर कितना बेहतर है।
घर या ऑफिस लेने से पहले ऐसे मिलेगी जानकारी
इस प्लेटफॉर्म पर रेजिडेंशियल, कमर्शियल, सरकारी और पब्लिक प्रॉपर्टी के मैनेजर अपनी प्रॉपर्टी को रजिस्टर कराकर DCR के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद TRAI के तहत रजिस्टर्ड Digital Connectivity Rating Agency (DCRA) तय प्रक्रिया के अनुसार प्रॉपर्टी का आकलन करेगी।
पुरानी और निर्माणाधीन दोनों प्रॉपर्टी की रेटिंग
यह व्यवस्था सिर्फ नई बिल्डिंग के लिए नहीं है। पहले से बनी इमारतों में मौजूद डिजिटल कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर का भी आकलन किया जा सकेगा। वहीं निर्माणाधीन प्रॉपर्टी को भी इस फ्रेमवर्क में शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि डेवलपर्स बिल्डिंग बनाते समय ही फाइबर, मोबाइल और Wi-Fi जैसी डिजिटल कनेक्टिविटी सुविधाओं के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करें।
मोबाइल ऐप से होगी कनेक्टिविटी की जांच
DCRA के अधिकृत कर्मचारी एक खास मोबाइल एप्लिकेशन की मदद से बिल्डिंग के अंदर कनेक्टिविटी की जांच करेंगे। इस दौरान मोबाइल नेटवर्क और इन-बिल्डिंग कनेक्टिविटी से जुड़े माप लिए जाएंगे और टेस्ट के नतीजे रिकॉर्ड किए जाएंगे। इसके बाद यह जानकारी मुख्य प्लेटफॉर्म के साथ सिंक्रोनाइज होगी। इसी डेटा के आधार पर रेटिंग का आकलन, रिपोर्ट तैयार करने, सर्टिफिकेट जारी करने और रेटिंग प्रकाशित करने की प्रक्रिया पूरी होगी।
खरीदार और किरायेदार ऑनलाइन देख सकेंगे रेटिंग
TRAI के नए प्लेटफॉर्म में आम लोगों के लिए पब्लिक सर्च सुविधा भी दी गई है। उपभोक्ता किसी रेटेड प्रॉपर्टी को उसके नाम, सर्टिफिकेट ID या लोकेशन के आधार पर खोज सकेंगे। इसके साथ ही डिजिटल रूप से साइन किए गए रेटिंग सर्टिफिकेट को देखा जा सकेगा। QR कोड स्कैन करके सर्टिफिकेट की प्रामाणिकता भी जांची जा सकेगी।
खराब रेटिंग पर शिकायत और ऑडिट की व्यवस्था
TRAI के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि प्लेटफॉर्म का उद्देश्य उपभोक्ताओं को डिजिटल कनेक्टिविटी के बारे में भरोसेमंद और तुलना योग्य जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि अगर किसी प्रॉपर्टी के occupants को उसकी रेटिंग संतोषजनक नहीं लगती है, तो वे इसके खिलाफ प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। इसके बाद रेटिंग का ऑडिट कराने की व्यवस्था भी है। इससे पूरी प्रक्रिया में डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट की सुविधा बनी रहती है।
अभी तक 11 प्रॉपर्टी मैनेजर हुए रजिस्टर
DCR फ्रेमवर्क Telecom Regulatory Authority of India (Rating of Properties for Digital Connectivity) Regulations, 2024 के तहत लागू है, जिसमें मई 2026 में संशोधन किया गया था। TRAI के मुताबिक, अब तक 11 प्रॉपर्टी मैनेजर और करीब सात प्रॉपर्टी इस प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर हो चुकी हैं। आने वाले समय में यह रेटिंग घर, ऑफिस या दूसरी प्रॉपर्टी चुनने वाले लोगों के लिए डिजिटल कनेक्टिविटी की तुलना करने का एक अतिरिक्त जरिया बन सकती है।
