PM Modi At Startup Mahakumbh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत 1.25 लाख से अधिक स्टार्टअप और 110 यूनिकॉर्न के साथ दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि भारत सही समय पर लिए गए सही निर्णयों के साथ एक विकसित राष्ट्र बनने का रोडमैप तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप अब एक संस्कृति बन गया है। देश में 12 लाख युवा स्टार्टअप्स से जुड़े हैं।
PM Modi At Startup Mahakumbh
स्टार्टअप इकोसिस्टम मेट्रो शहरों तक सीमित नहीं- PM मोदी
स्टार्टअप महाकुंभ कार्यक्रम में बोलते हुए मोदी ने कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम मेट्रो शहरों तक ही सीमित नहीं है, यह अब एक सामाजिक संस्कृति बन गया है। पीएम मोदी ने कहा कि वह अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे और स्टार्टअप भारत की प्रगति में एक बड़ी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा, स्टार्टअप इंडिया पहल ने इनोवेटिव आइडियाज को मंच दिया और उद्यमियों और उद्यमों को फंडिंग से जोड़ा।
स्टार्टअप को लेकर मानसिकता बदली
पीएम मोदी ने लोगों की बदलती मानसिकता पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं ने नौकरी चाहने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बनने का रास्ता चुना है। उन्होंने कहा कि 45 प्रतिशत से अधिक भारतीय स्टार्टअप का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। भारत ने टेक्नोलॉजी का लोकतंत्रीकरण कर दिया है और इसलिए 'हैव्स एंड हैव्स-नॉट्स' सिद्धांत यहां काम नहीं कर सकता है। पीएम ने अपने भाषण में कहा कि अंतरिम बजट में रिसर्च और इनोवेशन के लिए घोषित 1 लाख करोड़ रुपये के फंड से उभरते क्षेत्रों को मदद मिलेगी।
राजनीति में भी स्टार्टअप है-पीएम
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा कि स्टार्टअप तो बहुत लोग लॉन्च करते हैं और राजनीति में तो ज्यादा। बार-बार लॉन्च करना पड़ता है। आप में और उनमें फर्क ये है कि आप लोग प्रयोगशील होते हैं, एक अगर लॉन्च नहीं हुआ तो दूसरे पर चले जाते हैं।
